व्यवसाय में गड़बड़ी को लेकर अपहरण का रचा षड्यंत्र
पुलिस का लोगो लगी गाड़ी से दिनदहाड़े किया था अपहरण
कोलकाता़ पुलिस का लोगो लगी गाड़ी से दिनदहाड़े एक व्यवसायी का अपहरण करने के मामले में बागुइहाटी थाना की पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गाड़ी भी जब्त कर ली गयी है. गिरफ्तार अाराेपियों के नाम संजय यादव, समर जाना, योगेश्वर पानी और संजय यादव हैं.
अपहृत व्यवसायी का नाम रोशन बनर्जी बताया गया है.पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना गुरुवार की दोपहर को घटी. बागुइहाटी के कैखाली स्थित एलआइसी भवन के निकट एक गाड़ी आकर रुकी जिस पर कोलकाता पुलिस का लोगो लगा था़ इलाके के लोगों ने देखा कि कुछ लोग जबरन एक व्यक्ति को पुलिस गाड़ी में बैठा रहे हैं.
लोगों ने हल्दीग्राम मोड़ के निकट खड़े सिविक पुलिस को इसकी सूचना दी़ सिविक पुलिस ने घटना की जानकरी बागुइहाटी थाने को दी. गाड़ी के नंबर के आधार पर गाड़ी के मालिक का सुराग मिला़ उससे पूछताछ के बाद सारी जानकारी हासिल हुई. देर रात पुलिस ने अपहृत व्यवसायी को गुप्त ठिकाने पर छापामारी कर छुड़ा लिया़ व्यवसाय में गड़बड़ी को लेकर अपहरण का षड्यंत्र रचा गया था़
