सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी पांच नंबर वार्ड निवासी तपन दास जिस ट्रेवल एजेंसी में काम करता था, उसी का रुपया मारकर चंपत हो गया था. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नरेट के साइबर क्राइम थाने के पुलिस अधिकारियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी तपन दास सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित एक ट्रेवल एजेंसी संस्था में काम करता था. बीते महीने ही उसने वहां से काम छोड़ दिया. काम छोड़ने के कुछ दिन बाद उसने संस्था के साइट को हैक कर लिया. जिसके बाद संस्था के साइट से उसके सिलीगुड़ी से कोलकाता व कोलकाता से हैदराबाद जाने-आने का चार टिकट कराया. इन चार टिकटों कीमत पचास हजार रुपए से भी अधिक है.
बीते 30 अक्टूबर को मामला सामने आने के बाद ट्रेवल एजेंसी प्रबंधन ने तपन दास के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज करायी. जांच के बाद साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने गुरूवार की सुबह आरोपी को पांच नंबर वार्ड निवासी तपन दास को उसके घर से गिरफ्तार किया.
सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेवल ऐजेंसी का साइट हाक कर टिकट कटाने को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज हुई थी. साइबर क्राइम थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपी तपन दास को उसी के घर से गिरफ्तार कर लिया गया है. उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. गुरुवार को आरोपी को सिलीगुड़ी जिला अदालत में पेश कर दिया गया है.
