जलपाईगुड़ी. जलपाईगुड़ी नगरपालिका के 24 नंबर वार्ड में एक ठेकेदार के खिलाफ बहुतल ईमारत बनाने के लिए सड़क व ड्रेन पर बालू-पत्थरों से कब्जा करने का आरोप लगा है. पार्षद ने ठेकेदार के निर्माण सामग्रियों को जब्त कर नगरपालिका में भेज दिया है और ठेकेदार के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी है.
मिली जानकारी के अनुसार, जलपाईगुड़ी नगरपालिका के 24 नंबर वार्ड अंतर्गत देशबंधू पाड़ा के रहनेवाले कांति सान्याल ने अपने घर को प्रमोटर को दिया है. बिल्डिंग बनाने वाले ठेकेदार ने सड़क पर कब्जा कर बालू-पत्थर गिरा दिया. इसके अलावा बालू-पत्थर आदि निर्माण सामग्री से ड्रेन भी जाम कर दिया है. जिससे इलाके की निकासी व्यवस्था चरमरा गयी है. साथ ही सड़क पर बालू-पत्थर फेंके जाने के चलते वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें हो रही है. स्थानीय लोगों ने समस्याओं के बारे में पार्षद अम्लान मुंशी को जानकारी दी.
पार्षद अम्लान मुंशी ने शिकायत के आधार पर प्रमोटर को सड़क से बालू-पत्थर हटाने का निर्देश दिया. लेकिन प्रमोटर ने पार्षद की बात को अनसुना कर दिया. पार्षद ने नगरपालिका को प्रमोटर के बालू-पत्थर आदि जब्त करने का निर्देश दिया.
पुलिस भी पहुंची मौके पर
पार्षद के निर्देश पर सोमवार सुबह जब नगरपालिका के कर्मचारी वहां बालू-पत्थर जब्त करने पहुंचे तो पार्षद के साथ प्रमोटर का वाद-विवाद भी हुआ. कोतवाली थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर परिस्थिति को नियंत्रित किया. भारी संख्या में पत्थर जब्त कर लिये गये. साथ ही पार्षद ने प्रमोटर को कुछ घंटे का समय देते हुए बाकी के बालू-पत्थर हटा कर ड्रेन साफ-सुथरा कर देने का निर्देश दिया. पार्षद ने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो प्रमोटर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. पार्षद ने कहा कि अवैध रूप से सड़क पर बालू-पत्थर रख कर सड़क जाम करना अनुचित है. पत्थरों को जब्त कर नगरपालिका में भेज दिया गया है.
क्या कहते हैं जमीन मालिक
जमीन के मालिक कांति सान्याल ने बताया कि पार्षद के कहने पर, सड़क से बालू-पत्थर हटा कर सड़क को खाली कर दिया जा रहा है. इस बारे में प्रमोटर की ओर से कोई बयान नहीं मिला.
