कोलकाता : पोर्ट इलाके के राजाबागान में 16 वर्षीय एक किशोर गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी को गया. घायल की पहचान मोहम्मद शकील गाजी (16) के रूप में हुई है. वह रवींद्र नगर इलाके का रहनेवाला है. उसे एनआरएस अस्पताल में भरती कराया गया है. घटना राजाबागान इलाके के नदियाल विलेज रोड की है.
शकील की बहन फरिदा खातून (18) ने आरोपी पर भाई की गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाते हुए राजाबागान थाना में शिकायत दर्ज करायी है. इस आधार पर पुलिस ने आरोपी शेख युसूफ खान उर्फ बबुआ (30) को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से रिवॉल्वर भी बरामद हुआ है. कोर्ट ने उसे 11 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया.
पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला है कि मोहम्मद शकील गाजी बुधवार को राजाबागान इलाके में कचरा चुन रहा था. इस दौरान वह नदियाल विलेज रोड में कबाड़ी की दुकान चलाने वाला शेख युसूफ खान की दुकान के पास पहुंचा. उस वक्त युसूफ हथियार से किसी अन्य व्यक्ति पर लक्ष्य साध रहा था. अचानक गोली चल गयी. गोली शकील के पेट के निचले हिस्से में लगी. खबर पाकर राजाबागान थाना की पुलिस वहां पहुंची और लोगों की मदद से शकील को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
हुगली : पत्नी की हत्या कर उसके शव को ठिकाने लगाने के बाद आत्मग्लानि के कारण हत्यारे पति ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. घटना श्रीरामपुर के शील बागान इलाके की है.
घटना से इलाके में तनाव व्याप्त हो गया. प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतका का नाम सहाना खातून (24) है. हत्यारे पति का नाम शेख छोटू है. इन दोनों का विवाह दो साल पहले हुआ था. इनकी एक संतान भी है. मिली जानकारी के अनुसार सहाना अपने मायके गयी हुई थी, लेकिन छोटू बुधवार को उसे वहां से ले आया. आरोप है कि बुधवार रात ही उसने तकिए से उसका मुंह दबा कर उसकी हत्या कर दी. उसके बाद कागज की पेटी में भर कर रात के अंधेरे में उसे नदी के किनारे फेंक आया और सुबह श्रीरामपुर थाने में आत्मसमर्पण कर दिया.
उसने बताया कि उसकी पत्नी के किसी के साथ अवैध संबंध थे जिसके कारण उसने उसकी हत्या कर दी. सहाना के मामा इजाजत खान का कहना है कि दहेज के लिए उसे मारा-पीटा जाता था. ससुरालवालों की ओर से डेढ़ साल से दो लाख रुपयेे और एक गाड़ी की मांग की जा रही थी. इसी कारण उसकी हत्या कर दी गयी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
