सिलीगुड़ी. पांचवीं की एक छात्रा से दुष्कर्म करने का आरोप उसके पड़ोसी पर लगा है. पीड़िता की मां ने आरोपी संजीव दास (39) के खिलाफ सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नरेट के न्यू जलपाईगुड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. इस आधार पर पुलिस ने सोमवार को आरोपी संजीव को गिरफ्तार कर जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश कर दिया.
पीड़िता को जांच के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया गया है.जानकारी के अनुसार, रुपये का प्रलोभन देकर आरोपी संजीव बच्ची के साथ लगातार दुष्कर्म कर रहा था. रविवार को बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर इस कुकर्म से परदा उठा. पीड़िता न्यू जलपाईगुड़ी थाना इलाके की रहने वाली है. आरोपी उसके पड़ोस में रहता है.
पीड़िता स्थानीय प्राथमिक विद्यालय में पांचवीं की छात्रा है. बच्ची के पिता हॉकर हैं और मां दूसरों के घरों में परिचारिका का काम करती है. दोनों दिन भर बाहर रहते हैं. स्कूल से वापस लौटने के बाद बच्ची की देखरेख दादी करती थी. उसी बीच मौके का फायदा उठाकर आरोपी संजीव दास बच्ची को रुपये का लालच देकर अपने घर ले जाता था.
रविवार की रात बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गयी. मां के पूछने पर बच्ची ने पूरी कहानी बयां की. घटना जानकर परिवारवालों का पारा चढ़ गया और रविवार की रात ही न्यू जलपाईगुड़ी थाने में आरोपी संजीव दास के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया.
