कोलकाता: रंगदारी नहीं मिलने पर बदमाशों ने पति के सिर पर बंदूक रख कर उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया. यह घटना दक्षिण 24 परगना जिले के विष्णुपुर थाना क्षेत्र के रसपुंज के काजिरहाट की है. जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम दो युवक उनके घर पहुंचे और रंगदारी की मांग करने लगे, लेकिन उन लोगों ने रंगदारी देने से इनकार कर दिया.
इसके बाद दोनों युवक रात को अचानक उसके घर में घुस गये. इसके बाद पति के सिर बंदूक रख कर उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया. इसके साथ ही दोनों युवकों ने उनके दोनों बच्चों को भी नहीं बख्शा. उनके साथ भी मारपीट की. फरार होते समय उन लोगों ने गोलियां चलायीं, जिससे आस-पास के लोग इकट्ठा हो गये.
स्थानीय लोगों ने एक आरोपी निताई सरकार को पकड़ लिया और उसकी बाइक को भी आग लगा दी. निताई सरकार को स्थानीय लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया. निताई सरकार से पूछताछ के बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी बापी मल्लिक को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दुष्कर्म की पीड़िता व उनके दोनों बच्चों को महानगर स्थित बांगुर अस्पताल में भरती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. दोनों आरोपियों को गुरुवार को अलीपुर कोर्ट में पेश किया जायेगा.
