पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति गिरफ्तार
नेताजीनगर इलाके के विजयगढ़ की घटना
कोलकाता : आपसी विवाद में चाकू दिखाकर पत्नी को सरेआम निर्वस्त्र करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम रबीन रॉय है. घटना नेताजीनगर इलाके के विजयगढ़ की है. शिकायत में पीड़िता ने नेताजीनगर थाने की पुलिस को बताया कि शादी के कुछ वर्ष बाद से ही दोनों पति-पत्नी अलग-अलग रहते हैं. रात 10.30 बजे के करीब अचानक उसका पति उसके घर के पास आया और गालीगलौज करने लगा. दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. इस दौरान रबीन ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया. इसके बाद वह वहां से चला गया.
पीड़िता गुस्से में अपने पति के घर के पास मोबाइल के रुपये मांगने गयी. तभी उसका पति चाकू लेकर घर से बाहर आया और चाकू दिखाकर उसे धमकाया. इतना ही नहीं उसने सरेआम उसे बेइज्जत करने के लिए उसके शरीर से सारे कपड़े उतार कर उसे निर्वस्त्र कर दिया. लोगों की मदद से किसी तरह वह वहां से अपने घर लौटी. इसके बाद उसने पति के खिलाफ नेताजीनगर थाने में शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
