UP Accident: गड़वार थाना क्षेत्र के थुंबा मोहन गांव के शाहपुर नट मौजा निवासी 24 वर्षीय मुकेश नट की रविवार सुबह करंट की चपेट में आने से मौत हो गयी. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी, मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. मुकेश नगर कोतवाली क्षेत्र के कुंवर सिंह चौराहा स्थित एक मिठाई की दुकान पर काम करता था. रविवार सुबह करीब छह बजे वह दुकान पर काम कर रहा था. इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में मुकेश को जिला अस्पताल पहुंचाया. जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की. बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया.
2022 में हुई थी शादी, दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मुकेश की शादी वर्ष 2022 में मनिता से हुई थी. दंपती के दो छोटे बच्चे अभिषेक (3) और सोनम (2) हैं. पिता की अचानक मौत से दोनों मासूमों के सिर से पिता का साया उठ गया. मुकेश की मौत की खबर सुनकर पत्नी मनिता, मां सुनीता और पिता शिवजी बेसुध हो गये.
परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था मुकेश
मुकेश मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. रोज की तरह रविवार सुबह भी वह काम पर गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं. घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर है.
यह भी पढ़ें: UP निकाय चुनाव में AIMIM का चुनावी ऐलान: हर नगर पालिका-नगर पंचायत में उतारेंगे उम्मीदवार, 2027 पर भी नजर
