Baghpat News: बागपत के खट्टा प्रह्लादपुर स्थित एक ईंट भट्ठे पर प्रेम-प्रसंग का मामला उस वक्त गंभीर हो गया, जब परिवार की सहमति नहीं मिलने पर प्रेमी युगल ने साथ जान देने की बात कही. आरोप है कि युवक ने अपनी प्रेमिका से ऐसा करने के लिए कहा, जिसके बाद युवती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया. उसकी हालत बिगड़ते ही युवक घबरा गया और मौके से फरार हो गया. युवती को पहले बागपत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया.
ईंट भट्ठे पर हुआ प्रेम-प्रसंग, परिवार रिश्ते के लिए तैयार नहीं था
मेरठ जिले के एक गांव निवासी व्यक्ति पिछले करीब एक साल से अपने परिवार के साथ बागपत के एक ईंट भट्ठे पर रहकर ईंट निकासी का काम कर रहा है. इसी दौरान उसकी नाबालिग बेटी की पहचान भट्ठे पर रहने वाले बड़ौत क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई और दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग हो गया. युवती के पिता का आरोप है कि परिवार इस रिश्ते के लिए राजी नहीं था. इसी बात को लेकर युवक ने युवती से कहा कि जब दोनों साथ नहीं रह सकते तो साथ मरने की बात कही.
युवती की हालत बिगड़ी तो युवक भाग गया
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को परिवार काम पर गया हुआ था. इसी दौरान युवक वहां पहुंचा और युवती से साथ जान देने की बात कही. रात में युवती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया. उसकी हालत बिगड़ती देखकर युवक घबरा गया और वहां से भाग गया. बाद में जब युवती के पिता घर लौटे तो बेटी की हालत खराब मिली. पूछताछ करने पर उसने पूरी घटना बताई. इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया.
युवती ने बताया- युवक ने पहले मुझे ऐसा करने के लिए कहा था
जिला अस्पताल में युवती ने परिजनों को बताया कि युवक उसे जहरीला पदार्थ देकर पहले ऐसा करने के लिए कह रहा था और बाद में खुद भी ऐसा करने की बात कही थी. युवती की हालत देखकर युवक ने वहां से भागने से पहले वह पदार्थ फेंक दिया. फिलहाल युवती की हालत में सुधार बताया गया है. उसके पिता का कहना है कि बेटी की स्थिति बेहतर होने के बाद वह पुलिस से शिकायत करेंगे.
पुलिस ने कहा- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
सीओ रोहन चौरसिया ने बताया कि युवती के जहरीला पदार्थ निगलने की सूचना अभी तक थाने में नहीं दी गई है. पुलिसकर्मियों को ईंट भट्ठे पर भेजकर पूरे मामले की जानकारी कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. रविवार तक इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी.
