UP Crime News: वाराणसी के चौबेपुर थाने में फरियाद लेकर पहुंची एक दलित महिला की शिकायत सुनने के दौरान महिला दरोगा रोशनी सिंह ने कई थप्पड़ जड़ दिए. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया, जिसके बाद डीसीपी ने दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं.
जमीन विवाद की शिकायत लेकर पहुंची थी महिला
जानकारी के अनुसार, ग्राम समाज की ओर से आबादी की जमीन का पट्टा मिला था. आरोप है कि उनकी खाली पड़ी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा किया जा रहा था, इसी मामले की शिकायत उन्होंने 15 जून को चौबेपुर थाने में दर्ज कराई थी. शिकायत के संबंध में पुलिस ने दोनों पक्षों को 16 जुलाई को थाने बुलाया था.
बातचीत के दौरान भड़की महिला दरोगा
पीड़ित गीता देवी के अनुसार, थाने में पूछताछ के दौरान दरोगा ने उनके पति को बुलाने के लिए कहा. इस पर महिला ने बताया कि उनके पति मजदूरी के लिए बाहर गए हैं और परिवार की रोजी-रोटी का सवाल है. आरोप है कि इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और महिला दरोगा रोशनी सिंह ने गुस्से में आकर महिला को थप्पड़ मार दिए. पीड़िता का यह भी दावा है कि बाद में उसे कमरे में ले जाकर भी प्रताड़ित किया गया.
वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लिया. एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला गंभीर पाए जाने पर डीसीपी प्रमोद कुमार ने दरोगा रोशनी सिंह को निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: चढ़ावा विवाद के साए में चंपत राय का आध्यात्मिक कदम, अयोध्या में रहकर करेंगे आत्मचिंतन और राम आराधना
