UP News: रामपुर के के जैनपुर गांव में आयोजित संवाद दिवस उस समय हंगामे में बदल गया, जब पंचायत घर में ग्राम पंचायत सचिव और ग्रामीणों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के लिए आयोजित कार्यक्रम में पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी हुई. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि लोग एक-दूसरे से हाथापाई करने लगे. इस दौरान पंचायत घर में रखी कुर्सियां भी उठाई गईं और कुछ लोगों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंक दीं.
कहासुनी के बाद हाथापाई तक पहुंचा विवाद
अजीमनगर थाना क्षेत्र के जैनपुर गांव में यह कार्यक्रम उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आयोजित किया गया था. इसका उद्देश्य ग्रामीणों की शिकायतें सुनना और उनका समाधान कराने के लिए संबंधित अधिकारियों तक बात पहुंचाना था. कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सचिव समेत कई ग्रामीण मौजूद थे. इसी दौरान किसी मुद्दे को लेकर विवाद की शुरुआत हुई. मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, बातचीत के दौरान माहौल लगातार तनावपूर्ण होता गया और कुछ ही देर में विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया.
मोबाइल कैमरे में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे विवाद का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल फुटेज में कई लोग आपस में भिड़ते और हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं. कुछ लोगों के हाथों में पंचायत घर की कुर्सियां भी नजर आती हैं, जिन्हें वे एक-दूसरे की ओर फेंकते दिख रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद गांव की घटना चर्चा में है और मामले को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
मारपीट की घटना के बाद ग्राम प्रधान की ओर से अजीमनगर थाने में तहरीर दी गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. रामपुर के अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि पंचायत घर में मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है और इस मामले में अभियोग पंजीकृत किया गया है. पुलिस अब वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. विवाद की शुरुआत और इसमें शामिल लोगों की भूमिका भी जांच के बाद स्पष्ट होगी.
यह भी पढ़ें: बुर्का पहनकर निकले 2 छात्र, पुलिस को हुआ शक, थाने पहुंचते ही खुली पूरी कहानी
