वाराणसी में दोस्ती का खूनी अंत, शव के 5 टुकड़े कर गोबर में दबाया, शराब पिलाकर ईशू की हत्या, 3 गिरफ्तार

UP Crime: वाराणसी के सिगरा में 19 वर्षीय ईशू कन्नौजिया की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. उसके तीन दोस्तों ने शराब पिलाकर बेरहमी से हत्या कर दी और शव को गोबर के गड्ढे में छिपाने की कोशिश की. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

UP Crime: वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में छह अगस्त से लापता 19 वर्षीय ईशू कन्नौजिया की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, वारदात को उसके ही तीन परिचितों ने अंजाम दिया. गिरफ्तार आरोपियों में दो सगे भाई प्रदीप और रामकृष्ण के अलावा उनका दोस्त रोहित शामिल है. जांच में सामने आया कि तीन अगस्त को शराब पीने के दौरान ईशू और प्रदीप के बीच मारपीट हुई थी. इसी घटना के बाद बदला लेने की योजना बनाई गई.

सुनसान जगह पर बुलाकर वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के मुताबिक, छह अगस्त की रात ईशू को बुलाया गया था. अगले दिन उसे लहरतारा-महमूरगंज इलाके में रेलवे के एक पुराने क्वार्टर के पास ले जाया गया. आरोप है कि वहां पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर तीनों ने उसके साथ मारपीट की. पुलिस का कहना है कि इसी दौरान प्रदीप ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी. इसके बाद आरोपियों ने शव के टुकड़े किए और उन्हें प्लास्टिक के बोरे में भरकर ठिकाने लगाने की योजना बनाई.

गोबर के गड्ढे में बोरा डालकर छिपाया

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को लहरतारा मार्ग स्थित खखड़िया पोखरी के पास रेलवे के खंडहरनुमा क्वार्टर के नजदीक ले जाकर गोबर से भरे एक गड्ढे में डाल दिया. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ऐसा इसलिए किया ताकि शव की पहचान और मौजूदगी का आसानी से पता न चल सके. शुक्रवार रात पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बोरा बरामद किया. शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा के मुर्दाघर में भेज दिया गया.

अंतिम कॉल ने पुलिस को प्रदीप तक पहुंचाया

ईशू के लापता होने के बाद परिजनों ने कई जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. 17 अगस्त को सिगरा थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी गई. पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो ईशू के फोन पर आखिरी कॉल उसके परिचित प्रदीप की मिली. इसके बाद पुलिस ने प्रदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से मिले सबूतों के सामने वह टूट गया.

यूट्यूब से शव छिपाने का तरीका देखने का दावा

पूछताछ में पुलिस को आरोपियों से वारदात के बाद शव छिपाने की योजना से जुड़ी जानकारी मिली. पुलिस के मुताबिक, प्रदीप ने शव को ऐसी जगह छिपाने का तरीका इंटरनेट पर देखा था, जहां आसपास के लोगों को संदेह न हो. इसी योजना के तहत शव को बोरे में भरकर गोबर के गड्ढे में डाला गया. पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार, आरोपियों की आपसी भूमिका और वारदात से पहले तथा बाद की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.

ईशू के खिलाफ पहले से दर्ज थे कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार, ईशू के खिलाफ सिगरा और भेलूपुर थानों में मारपीट समेत पांच मामले दर्ज थे. हालांकि, पुलिस की मौजूदा जांच का केंद्र उसकी हत्या और इसके पीछे की वजह है. एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर के मुताबिक, ईशू को प्रदीप ने बुलाया था और शराब पिलाने के बाद हत्या की गई. मामले में प्रदीप, उसके भाई रामकिशन और दोस्त रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना के बाद इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है.

यह भी देखें: ‘चवन्नी से रुपया’ बयान पर भड़कीं मायावती, अखिलेश यादव से जाट समाज से माफी मांगने को कहा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नटवर कुमार

नटवर कुमार पत्रकारिता के क्षेत्र में दो वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार हैं.वे ग्राउंड रिपोर्टिंग और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर करते हैं. राजनीतिक घटनाक्रम, स्थानीय समस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, अपराध, सामाजिक मुद्दों और आम लोगों से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष रुचि है. उनका प्रयास खबरों को तथ्यात्मक, स्पष्ट और पाठकों के लिए उपयोगी तरीके से प्रस्तुत करना रहता है.नटवर कुमार ने इतिहास में मास्टर ऑफ आर्ट्स (M.A. History) और मास्टर इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई पटना से की है. इतिहास और पत्रकारिता में उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि उन्हें घटनाओं को व्यापक संदर्भ में समझने और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने में मदद करती है.इस दौरान उन्होंने दूरदर्शन पटना में भी समय दिया है. नटवर कुमार मूल रूप से बिहार के दिनकर की भूमि बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >