UP Spiritual Tour: त्योहारों के मौसम में अगर काशी की गंगा आरती, प्रयागराज का संगम और अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन एक ही यात्रा में करने हों, तो श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है. उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने ‘स्पिरिचुअल ट्रायंगल टूर पैकेज’ शुरू किया है. चार रात और पांच दिन के इस पैकेज में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या की धार्मिक यात्रा कराई जाएगी. यात्रा में मंदिरों के दर्शन के साथ घाट, गंगा आरती, नौका विहार और संगम स्नान भी शामिल है.
वाराणसी से शुरू होगी यात्रा
इस आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत दोपहर एक बजे वाराणसी से होगी. पहले दिन श्रद्धालुओं को संकट मोचन मंदिर, दुर्गाकुंड मंदिर और अस्सी घाट ले जाया जाएगा. इसके बाद गंगा में नौका विहार कराया जाएगा. शाम को श्रद्धालु गंगा आरती के दर्शन करेंगे. दूसरे दिन काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के साथ अन्नपूर्णा मंदिर और काल भैरव मंदिर की यात्रा होगी. इसके बाद पर्यटक सारनाथ पहुंचेंगे. यहां धमेख स्तूप, चौखंडी स्तूप, बोधि वृक्ष और अशोक स्तंभ संग्रहालय का भ्रमण कराया जाएगा. यात्रा में बीएचयू का दौरा भी शामिल है.
संगम स्नान के बाद अयोध्या का रुख
यात्रा के तीसरे दिन श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचेंगे.यहां आनंद भवन, संगम और लेटे हनुमान जी मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा. श्रद्धालुओं को संगम में पवित्र स्नान का अवसर भी मिलेगा. इसके बाद यात्रा अयोध्या की ओर बढ़ेगी. चौथे दिन हनुमानगढ़ी, कनक भवन और दशरथ महल के दर्शन कराए जाएंगे. इसके बाद राम मंदिर में दर्शन कराया जाएगा. शाम को सरयू घाट पर होने वाली आरती में शामिल होने का अवसर मिलेगा.
13 हजार से 14,400 रुपये तक है शुल्क
यूपीएसटीडीसी के अनुसार, सेडान कार से यात्रा करने के लिए कम से कम चार यात्रियों का समूह होना जरूरी है. इसका शुल्क प्रति व्यक्ति 14,400 रुपये तय किया गया है. वहीं, क्रिस्टा से यात्रा के लिए न्यूनतम छह यात्रियों का समूह जरूरी है. इसके लिए प्रति व्यक्ति 13,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. पैकेज में एसी वाहन, नौका विहार, गाइड की सुविधा, चार रात का एसी आवास और डबल शेयरिंग के आधार पर ठहरने के साथ नाश्ता शामिल है. दोपहर और रात के भोजन का खर्च यात्रियों को खुद उठाना होगा.
पांचवें दिन अयोध्या में खत्म होगा सफर
यात्रा के पांचवें दिन नाश्ते के बाद श्रद्धालुओं को अयोध्या एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया जाएगा. इस तरह पांच दिनों में तीन प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों की यात्रा पूरी होगी. पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान के तहत शुरू किया गया यह पैकेज वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या को एक धार्मिक पथ से जोड़ता है. इससे श्रद्धालुओं के लिए तीर्थयात्रा आसान होगी और प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
यूपी में बढ़ रहा धार्मिक पर्यटन
यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने बताया कि ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान के जरिए प्रदेश के चर्चित और अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि स्पिरिचुअल ट्रायंगल टूर के जरिए पर्यटक एक ही यात्रा में प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे. अधिकारियों के अनुसार, 2026 के जनवरी से मार्च के बीच करीब 31.40 करोड़ घरेलू और विदेशी पर्यटक उत्तर प्रदेश पहुंचे हैं. त्योहारों के दौरान पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है.
Also Read: राखी के मंच से अखिलेश का हमला: JPNIC को लीज पर देने को लेकर भाजपा सरकार को घेरा
