पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश का रेड-अलर्ट जारी, 75 जिलों में भारी बरसात की चेतावनी, जानिए ताजा अपडेट

UP News: उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने सभी 75 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। जानें आगे क्या उम्मीद है और क्या बरतनी है सावधानी।

UP Monsoon: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में जोरदार बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहेगा.

बंगाल की खाड़ी से बने सिस्टम का दिखेगा असर

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से बना सक्रिय मौसम तंत्र मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच चुका है, जिसका सीधा प्रभाव उत्तर प्रदेश पर पड़ रहा है. इसी वजह से मानसून ने पूरे प्रदेश में रफ्तार पकड़ ली है. लगातार हो रही बारिश के कारण अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है और मौसम सुहावना बना हुआ है.

लखनऊ में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

राजधानी लखनऊ में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहने और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

इन जिलों में भीषण बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, बाराबंकी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, हमीरपुर और जालौन में भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है.

पूर्वांचल, अवध और बुंदेलखंड में भी होगी झमाझम बारिश

इसके अलावा आगरा, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, महोबा, ललितपुर, बांदा, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ और बलिया समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.

लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह

लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है. किसानों को भी मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही खेतों में कार्य करने की हिदायत दी गई है.

बारिश से मिलेगी राहत, लेकिन सतर्कता भी जरूरी

प्रदेशभर में सक्रिय मानसून जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत दे रहा है, वहीं दूसरी ओर भारी बारिश से जलभराव, यातायात प्रभावित होने और आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है. ऐसे में अगले पांच दिनों तक मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखना और आवश्यक सावधानी बरतना जरूरी होगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Radheshyam Kushwaha

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >