यूपी में 15 की मौत, तीन दिन की बारिश ने बढ़ाई मुसीबत,75 जिलों में अलर्ट

UP Weather News: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जिससे कई जिलों में भारी बारिश हो रही है. इस बीच, राज्य में बारिश और हादसों में 15 लोगों की मौत हो गई है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए 75 जिलों में अलर्ट जारी किया है.

UP Weather News: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक लखनऊ, अयोध्या, सुल्तानपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की धूप भी निकली. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई है. विभाग ने 13 जिलों के लिए ऑरेंज और 27 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.

पश्चिमी यूपी में उफान पर नदियां, कई मार्ग बंद

लगातार हो रही बारिश का सबसे ज्यादा असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देखने को मिल रहा है. बिजनौर में गंगा और उसकी सहायक मालन नदी खतरे के निशान के करीब बह रही हैं. कई स्थानों पर पुलों के ऊपर से पानी बहने लगा, जिसके चलते मेरठ-बिजनौर हाईवे और हरिद्वार रोड सहित कई मार्गों पर यातायात रोक दिया गया. वहीं, हापुड़ में भारी बारिश के कारण एक अंडरपास पूरी तरह पानी से भर गया. इसमें एक थार वाहन फंसकर डूब गया, जिसे बाद में जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया.

तीन दिनों में 15 लोगों की मौत

प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और उससे जुड़े हादसों में पिछले तीन दिनों के दौरान 15 लोगों की जान जा चुकी है. इनमें सबसे अधिक चार मौतें गाजियाबाद में दर्ज की गई हैं. हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

बिजनौर में चार लड़के नदी में बहे, मुजफ्फरनगर में नहर टूटी

शुक्रवार शाम बिजनौर में अलग-अलग घटनाओं में चार किशोर नदी के तेज बहाव में बह गए. इनमें से एक को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि बाकी की तलाश जारी है. कीरतपुर क्षेत्र में मालन नदी में नहाने गए तीन किशोरों में से सादिम को बचा लिया गया, लेकिन शाबान और आलिम का अब तक पता नहीं चल सका. उधर, मुजफ्फरनगर में बारिश के कारण एक नहर ओवरफ्लो होकर टूट गई. सहारनपुर में तेज बहाव से कब्रिस्तान की मिट्टी बह जाने के कारण कुछ कब्रों में दफन शव बाहर निकल आए.

24 घंटे में मेरठ के मवाना में सबसे ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में मेरठ के मवाना में सबसे अधिक 315 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके बाद मुजफ्फरनगर के जानसठ में 270.1 मिमी वर्षा दर्ज हुई. हालांकि, पूरे मानसून सीजन की बात करें तो प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है.

अगले 3-4 दिन भी जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से बना मौसम तंत्र अब मध्य प्रदेश के आसपास सक्रिय है, जिसका प्रभाव उत्तर प्रदेश पर पड़ रहा है. इसी वजह से मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.

जिलों में कैसा रहा मौसम

  • आगरा में शनिवार सुबह धूप निकली, हालांकि दिन में बादल छाने और एक-दो दौर की बारिश की संभावना जताई गई है. पिछले दस दिनों में जिले में 177 मिमी वर्षा दर्ज की गई है.
  • जौनपुर में शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक लगातार बारिश हुई. इससे तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई. बक्शा क्षेत्र के विशेषरपुर गांव में एनएच-56 पर नीम का पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए और यातायात प्रभावित रहा.
  • संभल में देर रात करीब सवा घंटे तक तेज बारिश हुई. जिले में पिछले तीन दिनों के दौरान 125 मिमी से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है. कई इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, हालांकि तापमान में करीब पांच डिग्री की गिरावट आने से मौसम सुहावना हो गया.
  • बलिया में शुक्रवार रात तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. जिले में पिछले 24 घंटे में पांच से आठ मिमी तक वर्षा दर्ज की गई. बारिश के बाद उमसभरी गर्मी से राहत मिली और मौसम खुशनुमा हो गया.
  • अयोध्या में लगातार दूसरे दिन भी बादल छाए रहे. हाल की बारिश के बाद अधिकतम तापमान घटकर 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अगले 24 घंटों में फिर तेज बारिश की संभावना जताई गई है.
  • राजधानी लखनऊ में देर रात तक झमाझम बारिश हुई. शनिवार सुबह मौसम साफ रहा, जबकि अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

मिर्जापुर में सड़क धंसने से तीन लोग गड्ढे में गिरे

मिर्जापुर के रामबाग स्थित मछली गली में गुरुवार को अचानक सड़क धंस गई. इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक मोपेड सवार और उसके साथ मौजूद दो बच्चे सड़क धंसने से बने गड्ढे में गिर गए. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत तीनों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए भेजा. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.

इस साल सामान्य से कम बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, जून से सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश में सामान्य तौर पर 820 से 840 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस वर्ष यह आंकड़ा करीब आठ प्रतिशत कम रह सकता है. अनुमान है कि इस बार प्रदेश में लगभग 754 से 773 मिमी तक ही वर्षा होगी.

कम बारिश की वजह क्या है?

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. एम. महापात्रा के अनुसार, प्रशांत महासागर में ला नीना जैसी परिस्थितियां कमजोर पड़ रही हैं और अल नीनो की स्थिति बनने के संकेत मिल रहे हैं. इसका असर दक्षिण-पश्चिम मानसून पर पड़ सकता है. इसके अलावा वर्ष की शुरुआत में उत्तरी गोलार्ध में सामान्य से कम बर्फबारी भी मानसून की तीव्रता को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारणों में शामिल है.

-कोमल अग्रवाल की रिपोर्ट

Read Also- राम मंदिर दान गिनती पर संकट, कर्मचारी इस्तीफे से ट्रस्ट...


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Radheshyam Kushwaha

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >