UP Weather Today : उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है. मौसम विभाग ने मंगलवार, 15 सितंबर को मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, सहारनपुर समेत 44 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं, लगातार बारिश के कारण प्रदेश के 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. करीब 4 लाख लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं. मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों के साथ किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
44 जिलों में येलो अलर्ट, तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग ने यूपी के 44 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा और सहारनपुर समेत कई जिलों में बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है. इसके अलावा बिजनौर, रामपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, हरदोई, बलरामपुर, संतकबीर नगर, मऊ, पीलीभीत, कन्नौज, उन्नाव, अयोध्या, प्रयागराज, देवरिया, बलिया और गोरखपुर समेत अन्य जिलों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है.
लखनऊ में 33 डिग्री तक रहेगा तापमान
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. आसमान में बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है.
26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात, 4 लाख लोग प्रभावित
लगातार हो रही बारिश के कारण यूपी की कई नदियां उफान पर हैं. प्रदेश के 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. करीब 4 लाख की आबादी इससे प्रभावित बताई जा रही है. कई इलाकों में ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और जरूरी सामान सुरक्षित रखने की चुनौती बनी हुई है.
सिद्धार्थनगर में 4 सेकेंड में ढह गई 20 फीट की दीवार
सिद्धार्थनगर में बारिश के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते बचा. यहां करीब 20 फीट लंबी दीवार महज 4 सेकेंड में भरभराकर गिर गई. लगातार बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी.
लखीमपुर में शारदा नदी का कटान तेज
लखीमपुर खीरी में शारदा नदी का कटान तेज हो गया है. पिछले 24 घंटे में नदी के कटान की वजह से सात मकानों के नदी में समा जाने की बात सामने आई है. ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हैं.
सहारनपुर में आई बाढ़, बदायूं में गंगा उफान पर
सहारनपुर में मां शाकंभरी देवी मंदिर के पास से गुजरने वाली बरसाती नदी में अचानक बाढ़ आ गई. वहीं बदायूं में गंगा नदी का जलस्तर फिर बढ़ गया है. कुछ स्थानों पर पुल के ऊपर से पानी बहने की स्थिति बनी हुई है, जिससे आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.
देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, यूपी के अलावा दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, गुजरात और महाराष्ट्र में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
किसानों को सतर्क रहने की सलाह
बारिश और तेज हवाओं के पूर्वानुमान को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. खेतों में खड़ी फसल और खुले स्थानों पर रखे कृषि उपकरणों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है. वहीं, निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव और बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है.
