UP PCS Mains Result: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने PCS 2025 मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए इंटरव्यू का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. 17 सितंबर 2026 को मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी होने के बाद अब आयोग ने साक्षात्कार की तारीखें भी साफ कर दी हैं. इंटरव्यू की प्रक्रिया 28 सितंबर से शुरू होगी.
28 सितंबर से 24 अक्टूबर तक चलेगा इंटरव्यू
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक PCS 2025 के इंटरव्यू 28 सितंबर 2026 से 24 अक्टूबर 2026 तक होंगे. साक्षात्कार कुल 19 कार्यदिवसों में पूरा कराया जाएगा. इस दौरान अभ्यर्थियों को उनके रोल नंबर के अनुसार अलग-अलग तारीख और सत्र में बुलाया जाएगा.
रोज दो पालियों में होगा साक्षात्कार
UP PCS इंटरव्यू रोजाना दो पालियों में आयोजित किया जाएगा.
- पहली पाली सुबह 9:30 बजे शुरू होगी, जिसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8:00 बजे रिपोर्ट करना होगा.
- वहीं दूसरी पाली का इंटरव्यू दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगा और इसमें शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 12:30 बजे रिपोर्ट करना होगा.
प्रयागराज में होगा इंटरव्यू
अभ्यर्थियों के साक्षात्कार का आयोजन प्रयागराज स्थित यूपी लोक सेवा आयोग परिसर के ‘सरस्वती भवन’ में किया जाएगा. आयोग ने रोल नंबर के आधार पर तारीख और सत्रवार पूरा कार्यक्रम जारी किया है. अभ्यर्थी अपने रोल नंबर के अनुसार इंटरव्यू की तारीख और रिपोर्टिंग टाइम देख सकेंगे.
814 पदों पर होनी है भर्ती
UP PCS 2025 के जरिए कुल 28 प्रकार के 814 रिक्त पदों पर भर्ती की जानी है. इनमें दो पद ऐसे हैं, जिन पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा. बाकी 812 पदों के लिए मुख्य परीक्षा के बाद अब इंटरव्यू आयोजित किया जा रहा है.
2297 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए सफल
812 पदों के लिए हुई मुख्य परीक्षा में कुल 10,284 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. इनमें से 2297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया है. मुख्य परीक्षा 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक प्रयागराज और लखनऊ के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी.
22 सितंबर से डाउनलोड कर सकेंगे इंटरव्यू लेटर
इंटरव्यू के लिए सफल अभ्यर्थी 22 सितंबर 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (https://uppsc.up.nic.in) से अपना इंटरव्यू लेटर और जरूरी दिशा-निर्देश डाउनलोड कर सकेंगे. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि इंटरव्यू में शामिल होने से पहले सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें.
कौन-कौन से दस्तावेज साथ ले जाना जरूरी?
इंटरव्यू के दिन अभ्यर्थियों को ऑनलाइन सबमिट की गई मान्यता का प्रिंटआउट, सभी शैक्षिक अंकतालिकाएं, उपाधियां और अन्य जरूरी प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी. इनमें जाति प्रमाण-पत्र, EWS, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, दिव्यांगता आदि से जुड़े प्रमाण-पत्र भी शामिल हैं.
दस्तावेज नहीं हुए तो इंटरव्यू में परेशानी
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जरूरी दस्तावेजों की मूल प्रतियां उपलब्ध नहीं होने पर अभ्यर्थी का इंटरव्यू नहीं लिया जाएगा. इसलिए सभी सफल अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षिक योग्यता और आरक्षण से जुड़े जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने होंगे.
