UP News : उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए बहराइच जिला प्रशासन ने स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है. आदेश के तहत कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे. लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया है.
19 से 23 अगस्त तक और तेज हो सकती है बारिश
प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर अभी थमता नजर नहीं आ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक 19 से 23 अगस्त के बीच उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं 20 और 21 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है. ऐसे में आने वाले दिनों में बारिश से जुड़ी परेशानियां और बढ़ सकती हैं.
बहराइच में कक्षा 1 से 8 तक स्कूल बंद
भारी बारिश के बीच बहराइच जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया है. प्रशासन की ओर से यह कदम बारिश और जलभराव जैसी संभावित समस्याओं को देखते हुए उठाया गया है. अभिभावकों को प्रशासन के आदेश का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है.
यूपी में अब तक सामान्य से 20 फीसदी कम बारिश
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 17 अगस्त तक प्रदेश में 398.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है. इस अवधि में सामान्य बारिश 496.3 मिमी होनी चाहिए थी. इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 20 फीसदी कम बारिश हुई है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की कमी 27 फीसदी और पश्चिमी यूपी में करीब 8 फीसदी है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश से इस कमी की कुछ भरपाई हो सकती है.
आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इनमें चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ शामिल हैं. इसके अलावा गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
बारिश को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग की ओर से आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने का अनुमान जताए जाने के बाद प्रशासन को भी सतर्क रहने की जरूरत है. भारी बारिश की स्थिति में निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर पानी और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं. लोगों को मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है.
Also Read : आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, योगी सरकार ने बढ़ाया मानदेय, जानें किसे कितना मिलेगा पैसा
