UP के युवाओं के लिए रोजगार का नया रास्ता, हर विधानसभा में रोजगार मेला लगाएगी सरकार; 50 कंपनियां आएंगी, मौके पर होगा अभ्यर्थियों का चयन

उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए अच्छी खबर है. अब नौकरी ढूंढने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है. यहां निजी कंपनियां सीधे युवाओं से मिलेंगी और मौके पर ही चयन करेंगी.

UP News: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार से जुड़ी एक बड़ी पहल सामने आई है. अब नौकरी की तलाश में युवाओं को दूर नहीं जाना पड़ेगा. प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में रोजगार मेले आयोजित करने की तैयारी है, जहां निजी कंपनियां सीधे अभ्यर्थियों से मिलेंगी और मौके पर चयन भी करेंगी.

हर विधानसभा में रोजगार मेले की तैयारी

उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत बड़े स्तर पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें कम से कम 50 कंपनियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है. इन मेलों के जरिए 1,000 से 2,000 अभ्यर्थियों के चयन का लक्ष्य तय किया गया है. विधानसभा क्षेत्रवार रोजगार मेलों के लिए पांच लाख रुपये तक खर्च किए जा सकेंगे. बड़े रोजगार मेलों के लिए 10 लाख रुपये तक की व्यवस्था की गई है.

कंपनियों की रिक्तियां पहले पोर्टल पर होंगी उपलब्ध

मेले से पहले जिला कार्यकारी समिति की बैठक में पूरी कार्ययोजना को मंजूरी दी जाएगी. इसके बाद सेवायोजन कार्यालय निजी कंपनियों और उद्योगों से संपर्क करेंगे. कंपनियों में मौजूद रिक्त पद, वेतन और जरूरी शैक्षिक योग्यता की जानकारी जुटाई जाएगी. इन नौकरियों की जानकारी रोजगार संगम पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि युवा पहले से अपनी तैयारी कर सकें.

पंजीकरण से लेकर चयन तक बनेगी पूरी व्यवस्था

युवाओं को रोजगार संगम एप या पोर्टल पर निशुल्क पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. प्री-काउंसिलिंग की सुविधा भी मिलेगी. मेले में प्रवेश के लिए हेल्प डेस्क और क्यूआर कोड के जरिए मौके पर पंजीकरण की व्यवस्था रहेगी. कंपनियों के लिए अलग-अलग स्टॉल बनाए जाएंगे. हाईस्कूल, इंटर, स्नातक और आइटीआइ योग्यता वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के लिए अलग डेस्क की व्यवस्था होगी.

मेले के बाद भी दर्ज होगा चयन का पूरा रिकॉर्ड

रोजगार मेले में सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों को पहले से आमंत्रित किया जाएगा. अन्य विभागों और शिक्षण संस्थानों को भी युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है. मेले के बाद शामिल अभ्यर्थियों, शॉर्टलिस्ट किए गए युवाओं और अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों का डेटा तैयार किया जाएगा. चयनित युवाओं की प्लेसमेंट संख्या रोजगार संगम पोर्टल पर अपडेट की जाएगी.

Also Read: लखनऊ में प्रेम कहानी का चौंकाने वाला मोड़, कार के सामने आई प्रेमिका तो बोनट पर घसीटकर ले गया प्रेमी, सड़क पर तड़पती रही युवती

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजली कश्यप

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >