UP Promotion Update: UP में प्रमोशन की फाइल आगे बढ़ी ही नहीं, मानव संपदा पोर्टल की खामी से सैकड़ों कर्मचारी अटके

UP Promotion Update: उत्तर प्रदेश में मानव संपदा पोर्टल की एक खामी के कारण सैकड़ों कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया रुकी हुई है. दिव्यांग कर्मचारियों के विवरण दर्ज करने की सुविधा न होने से यह समस्या उत्पन्न हुई है. कर्मचारी संगठन ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है.

UP Promotion Update: मानव संपदा पोर्टल के डीपीसी मॉड्यूल में दिव्यांग कर्मचारियों का विवरण दर्ज करने की सुविधा नहीं होने से प्रदेश में सैकड़ों कर्मचारियों की प्रोन्नति प्रक्रिया अटक गई है. इनमें जूनियर इंजीनियर समेत इंजीनियरिंग और अन्य विभागों के कर्मचारी शामिल हैं. दिव्यांग कर्मचारियों के लिए रिक्त पदों के सापेक्ष 4 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है, लेकिन पोर्टल पर इसका ब्योरा दर्ज नहीं हो पाने के कारण डीपीसी की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है. कर्मचारियों के संगठन ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की है.

30 जून तक पूरी होनी थी प्रोन्नति प्रक्रिया

डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के मीडिया प्रभारी मनोज श्रीवास्तव के मुताबिक, मुख्य सचिव ने 14 मई को आदेश जारी कर 30 जून तक प्रोन्नति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे. साथ ही स्पष्ट किया गया था कि इस बार डीपीसी मानव संपदा पोर्टल पर विकसित डीपीसी मॉड्यूल के माध्यम से होगी. विभागाध्यक्ष की ओर से भी इस समस्या की जानकारी प्रमुख सचिव को दी गई, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हो सका है. पोर्टल में दिव्यांग कर्मचारियों का विवरण दर्ज करने की व्यवस्था नहीं होने से पात्रता सूची तैयार करने में भी परेशानी आ रही है.

सैकड़ों जूनियर इंजीनियर प्रमोशन का कर रहे इंतजार

संघ के अध्यक्ष एनडी द्विवेदी के अनुसार, डीपीसी की प्रक्रिया लंबी होती है. नियमों के तहत रिक्त पदों के सापेक्ष डेढ़ गुना कर्मचारियों की वरिष्ठता पर विचार किया जाता है और इसमें दिव्यांग कर्मचारियों के लिए 4 प्रतिशत आरक्षण लागू होता है. प्रदेश के सैकड़ों जूनियर इंजीनियर सहायक अभियंता पद पर प्रोन्नति का इंतजार कर रहे हैं. जूनियर इंजीनियरों की प्रोन्नति लोक सेवा आयोग के माध्यम से होती है. विभाग प्रस्ताव शासन को भेजता है और शासन उसे आयोग के पास भेजता है, जिसके बाद आयोग अंतिम प्रोन्नति सूची जारी करता है.

विभाग, शासन और एनआईसी के बीच फंसी प्रक्रिया

संगठन का कहना है कि पोर्टल में दिव्यांग कर्मचारियों के लिए अलग मॉड्यूल नहीं होने से केवल जूनियर इंजीनियर ही नहीं, बल्कि अन्य विभागों में भी प्रोन्नति प्रक्रिया प्रभावित हो रही है. संगठन के मुताबिक, जब तक आरक्षण के अनुसार पात्र कर्मचारियों का ब्योरा दर्ज नहीं होगा, तब तक डीपीसी का प्रस्ताव तैयार करना मुश्किल है और प्रस्ताव के बिना डीपीसी की बैठक भी नहीं हो सकती. कर्मचारियों का आरोप है कि इस समस्या के समाधान को लेकर विभाग, शासन और एनआईसी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं. मामले को लेकर संगठन ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है.

Must Read- 'न भूले थे, न भूले हैं, न भूलेंगे' मुजफ्फरनगर दंगों की 13वीं बरसी पर यूपी में लगे अखिलेश यादव के विवादित पोस्टर, मचा सियासी हड़कंप

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कोमल अग्रवाल

कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >