UP Political News: आपातकाल की 51वीं बरसी पर लखनऊ में आयोजित लोकतंत्र सेनानी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय है, जब सत्ता बचाने के लिए कांग्रेस ने देश पर आपातकाल थोपकर नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम लोकतंत्र और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के आदर्शों पर सीधा प्रहार था. उन्होंने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आज कुछ नेता कांग्रेस के उसी राजनीतिक इतिहास को नजरअंदाज कर उसके साथ खड़े हैं. बतादें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को आपातकाल की 51वीं बरसी ‘संविधान हत्या दिवस’ पर लखनऊ में आयोजित ‘लोकतंत्र सेनानी सम्मान समारोह’ को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान भी किया.
लोकतंत्र समर्थकों की आवाज को दबाया
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र के समर्थक राजनीतिक दलों, जनसामान्य व मीडिया से जुड़े सभी लोगों की आवाज को दबाया. ऐसा क्या था कि कांग्रेस को आपातकाल थोपना पड़ा, एक ही निष्कर्ष निकलता है कि कांग्रेस ने सिर्फ अपनी सत्ता बनाए रखने के लिए यह पाप किया और इस पाप को छिपाए रखने के लिए नौजवानों, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं व सामाजिक संगठनों की आवाज को दबाने की चेष्टा की.
कांग्रेस के युवराज देशवासियों की आंख में झोंक रहे धूल
मुख्यमंत्री ने कहा, आपातकाल के दौरान न्यायपालिका के अधिकार सीमित कर दिए गए. मीडिया को प्रतिबंधित कर दिया गया. यही नहीं, रात के अंधेरे में भारत के संविधान की प्रस्तावना भी बदल दी गई. यह काम उसी कांग्रेस ने किया, जिसके युवराज संविधान की प्रति लेकर देशवासियों की आंख में धूल झोंक रहे हैं. इनका दोहरा चरित्र वर्तमान पीढ़ी को पता होना चाहिए. इसीलिए 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ आयोजित कर पूरे देश व नौजवान पीढ़ी को इससे अवगत कराने का प्रयास हो रहा है.
मुलायम सिंह यादव भी करते थे कांग्रेस से गठबंधन का विरोध
सीएम ने कहा कि इंदिरा गांधी के अत्याचार से आमजन व राजनीतिक दलों के नेता कराह रहे थे. लोकतंत्र के समर्थन में जेल जा रहे थे. ऐसे ही नेताओं लालू प्रसाद व स्वर्गीय मुलयाम सिंह यादव की वर्तमान पीढ़ी आज उसी कांग्रेस के साये में अपनी राजनीति करती दिखाई दे रही है. कांग्रेस जब भी समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन का प्रयास करती थी, मुलायम सिंह उसका विरोध करते थे. वह कहते थे कि कुछ भी हो, कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं होना चाहिए. लेकिन उनके उत्तराधिकारी कांग्रेस के डूबते जहाज पर सवार होकर मुलायम सिंह की विरासत भी डुबोने पर उतारू हैं.
भारत लोकतंत्र की जननी भी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जी-20 की बैठक में पीएम मोदी जी ने बताया था कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा ही नहीं, सबसे प्राचीन लोकतंत्र भी है. भारत लोकतंत्र की जननी भी है. जब दुनिया लोकतंत्र के बारे में नहीं जानती थी, तब भारत के तमाम गांवों व क्षेत्रों में लोकतंत्र स्थापित था. यह भारत के डीएनए में है. समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के लिए शासन की योजनाओं का बनना ही लोकतंत्र का आधार है. पीएम मोदी ने कोविड महामारी के दौरान आमजन के लिए वैक्सीन, टेस्ट, उपचार व राशन की फ्री सेवाएं सुनिश्चित कराईं. उन्होंने अहसास कराया कि हमारी जवाबदेही अंतत: जनता के प्रति है.
लोकतंत्र के प्रति हमारी जवावदेही
सीएम ने कहा कि 4 करोड़ गरीबों को आवास, 12 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय, 10 करोड़ गरीबों के घर में रसोई गैस, 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन, 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत की सुविधा, 25 करोड़ लोगों का गरीबी रेखा से उभरना, ये सभी कार्य भारत के पुष्ट लोकतंत्र को प्रदर्शित करते हैं. एक तरफ मोदी जी के नेतृत्व में लोकतंत्र पुष्ट हो रहा है तो दूसरी तरफ स्वार्थ के लिए लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस, जिसके द्वारा आज भी उसी प्रकार के प्रयास किए जाते हैं. हम सबको इसके प्रति सजग रहना चाहिए.
यह भी पढ़ें: ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को बताया भारतीय राजनीति का ‘राजाबाबू’, सोशल मीडिया पर कही बड़ी बात
