UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर अपने तीन साल के बेटे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, महिला ने पूछताछ में स्वीकार किया कि बच्चा उसके प्रेमी से फोन पर बातचीत के दौरान शोर मचाता था. पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है.
एक महीने बाद दर्ज हुआ हत्या का मामला
यह घटना मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र के गांव छौली की है. मृतक बच्चे के पिता के अनुसार, 28 जून की शाम उनकी s-matपत्नी ने फोन कर बताया कि तीन वर्षीय बेटा माधव कई बार जगाने के बाद भी नहीं उठ रहा है. सूचना मिलते ही वह घर पहुंचे और बेटे को इलाज के लिए मथुरा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया गया. करीब एक महीने बाद पिता ने सोमवार को पत्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया.
प्रेमी से बातचीत के दौरान हुआ खुलासा
पिता ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने अपनी पत्नी को मोबाइल पर एक युवक से बात करते हुए सुना. बातचीत के दौरान वह कथित तौर पर बेटे की हत्या का जिक्र कर रही थी. इसके बाद 21 जुलाई को उन्होंने पत्नी से इस संबंध में पूछताछ की. पहले महिला ने इनकार किया, लेकिन बाद में उसने स्वीकार किया कि उसका एक युवक से प्रेम संबंध था और वह उससे अक्सर मोबाइल पर बात करती थी.
शोर मचाने पर गुस्से में उठाया कदम
पुलिस के अनुसार, महिला ने पूछताछ में बताया कि जब भी वह अपने प्रेमी से फोन पर बात करती थी, तब उसका बेटा माधव खेलते हुए शोर मचाता था. घटना वाले दिन भी ऐसा ही हुआ. आरोप है कि गुस्से में आकर उसने बच्चे का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
पुलिस हिरासत में आरोपी महिला
पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: जौहर यूनिवर्सिटी पर मायावती का सरकार को संदेश, बुलडोजर नहीं समाधान निकाले
