UP News: वृंदावन में होटल और गेस्ट हाउस में कमरा दिलाने के नाम पर सड़क पर श्रद्धालुओं को रोकने वाले दलालों के खिलाफ पुलिस विशेष अभियान चलाएगी. बांकेबिहारी मंदिर समेत प्रमुख स्थानों पर अव्यवस्था फैलाने, श्रद्धालुओं को जबरन होटल ले जाने या विवाद करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी.
सड़क पर श्रद्धालुओं को रोकने वालों पर होगी कार्रवाई
वृंदावन पुलिस ने होटल और गेस्ट हाउस के लिए ग्राहक तलाशने वाले दलालों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, कुछ लोग प्रमुख धार्मिक स्थलों और चौराहों पर होटल के बोर्ड लेकर खड़े रहते हैं और श्रद्धालुओं को रोककर कमरा दिलाने का प्रयास करते हैं. इससे कई बार यातायात और शहर की व्यवस्था प्रभावित होती है.
बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में बढ़ेगी निगरानी
पुलिस ने बताया कि बांकेबिहारी मंदिर, परिक्रमा मार्ग, विद्यापीठ चौराहा, चैतन्य विहार और रमणरेती जैसे इलाकों में ऐसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी. कई बार होटल में ग्राहक भेजने को लेकर दलालों के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति भी बन जाती है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
होटल संचालकों को पुलिस की चेतावनी
कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. अभियान के दौरान सड़क पर श्रद्धालुओं को रोकने, जबरन होटल ले जाने या विवाद पैदा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
दलालों को सड़क पर खड़ा नहीं करने की अपील
पुलिस ने होटल और गेस्ट हाउस संचालकों से अपील की है कि वे ग्राहकों को बुलाने के लिए सड़क पर दलालों को न लगाएं. यदि किसी होटल या गेस्ट हाउस की ओर से ऐसी गतिविधियां कराई जाती हैं तो संबंधित दलालों के साथ संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: बैंक के भीतर 53 लाख का खेल, फर्जी KYC से 96 बंद खातों से निकाली रकम, चार अधिकारी-कर्मचारी सस्पेंड
