UP Crime News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शराब को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने समलैंगिक साथी की चाकू मारकर हत्या कर दी. दोनों करीब एक साल पहले आपस में शादी करने का दावा करते थे और वीडीए कॉलोनी के एक फ्लैट में साथ रहते थे. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली.
शराब के विवाद में हुई हत्या
घटना भेलूपुर थाना क्षेत्र की वीडीए कॉलोनी में सोमवार देर रात की है. मृतक की पहचान दीपांशु राय के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब तीन बजे शराब को लेकर दीपांशु और उसके साथी कुश पांडेय के बीच विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर कुश ने सब्जी काटने वाले चाकू से दीपांशु के पेट और सीने के नीचे कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
खुद पुलिस को दी सूचना, फिर करता रहा गुमराह
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने पहले 108 एम्बुलेंस और फिर 112 पुलिस सेवा को फोन किया. पुलिस के पहुंचने पर उसने खुद को मृतक की पत्नी बताते हुए हत्या से इनकार किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है.
एक साल पहले साथ रहने लगे थे दोनों
पुलिस के अनुसार, दीपांशु और कुश की मुलाकात घाट पर हुई थी. इसके बाद दोनों साथ रहने लगे और करीब एक साल पहले समलैंगिक विवाह करने का दावा किया था. दोनों वीडीए कॉलोनी स्थित फ्लैट में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे. घटना के बाद आरोपी ने खून रोकने के लिए घायल दीपांशु के शरीर पर हल्दी भी लगाई, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी.
