UP News: उत्तर प्रदेश सरकार ने 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है. वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट में इस योजना के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) को भुगतान के मद में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. सरकार का कहना है कि इससे प्रदेश की बड़ी संख्या में वरिष्ठ महिलाओं को राहत मिलेगी.
योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान
प्रथम अनुपूरक बजट में वरिष्ठ महिलाओं की मुफ्त यात्रा योजना के संचालन के लिए 100 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं. यह राशि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को दी जाएगी, ताकि निशुल्क यात्रा के एवज में रोडवेज को भुगतान किया जा सके और योजना का संचालन बिना किसी बाधा के जारी रहे.
वरिष्ठ महिलाओं को मिलेगी आर्थिक राहत
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि इस पहल से 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को धार्मिक, सामाजिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यों के लिए यात्रा करने में आर्थिक सहायता मिलेगी. उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह कदम उठा रही है.
अनुपूरक बजट में सामाजिक कल्याण पर जोर
सरकार का मानना है कि इस योजना से प्रदेश की लाखों वरिष्ठ महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा. प्रथम अनुपूरक बजट में इस प्रावधान को सामाजिक कल्याण और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल किया गया है, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को यात्रा के दौरान आर्थिक बोझ से राहत मिल सके.
Must Read- बहू हो तो ऐसी... पति के साथ 230 किमी पैदल चली, गंगाजल से सास-ससुर को कराया स्नान
