UP News: देश के उच्च शिक्षण संस्थानों में रैगिंग के मामलों में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है. सुप्रीम कोर्ट की निगरानी और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों के बावजूद वर्ष 2022 से 22 जुलाई 2026 तक राज्य के मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में रैगिंग की 825 शिकायतें दर्ज की गई हैं. केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में यूपी से सबसे अधिक 251 रैगिंग के मामले दर्ज हुए. वहीं, बिहार 122 मामलों के साथ दूसरे और मध्य प्रदेश 117 मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है. आंकड़े बताते हैं कि 2023 की तुलना में 2024 में यूपी और बिहार दोनों राज्यों में रैगिंग के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई.
यूपी पहले, बिहार दूसरे स्थान पर
शिक्षा मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश में 251, बिहार में 122, मध्य प्रदेश में 117, पश्चिम बंगाल में 102 और महाराष्ट्र में 89 रैगिंग के मामले दर्ज किए गए. इससे पहले 2023 में यूपी में 188 और बिहार में 83 मामले सामने आए थे. इससे साफ है कि दोनों राज्यों में शिकायतों की संख्या में इजाफा हुआ है.
बिहार में तीन साल में 2.5 गुना बढ़े मामले
बिहार के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2022 में राज्य में 54 रैगिंग के मामले दर्ज हुए थे, जो 2024 में बढ़कर 122 हो गए. यानी तीन साल में मामलों में करीब 2.5 गुना वृद्धि हुई. शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष 22 जुलाई तक बिहार में 50 मामले दर्ज किए जा चुके हैं.
कॉलेजों में बढ़ाई गई सख्ती, छात्रों से लिया जा रहा शपथ-पत्र
नए शैक्षणिक सत्र को देखते हुए यूजीसी ने सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में एंटी रैगिंग समिति का गठन अनिवार्य किया है. नए छात्रों से एंटी रैगिंग शपथ-पत्र भरवाया जा रहा है, जिस पर अभिभावकों के हस्ताक्षर भी जरूरी हैं. साथ ही छात्रों को रैगिंग की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जा रही है.
यूजीसी ने तीन बिहार विश्वविद्यालयों को भेजा था नोटिस
वर्ष 2025 में यूजीसी ने एंटी रैगिंग नियमों के उल्लंघन पर देशभर के 89 संस्थानों को शो कॉज नोटिस जारी किया था. इनमें बिहार के वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, मुंगेर विश्वविद्यालय और नालंदा विश्वविद्यालय भी शामिल थे. वहीं, रैगिंग की शिकायत राष्ट्रीय एंटी रैगिंग हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1800-180-5522, आधिकारिक पोर्टल और ईमेल के माध्यम से 24 घंटे दर्ज कराई जा सकती है.
Also Read: अपनी सीट भी नहीं जिता पाए भाजपा नेता! चुनावी नतीजों के बाद अखिलेश यादव बोले– "यह बदलाव की शुरुआत है"
