UP Weather News: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र की ओर से जारी ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार, उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. 13 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात के आसार हैं. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 14 से 17 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी, जबकि 18 और 19 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
अगले तीन दिन तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. बंगाल की खाड़ी से बना सक्रिय मौसम तंत्र अब मध्य प्रदेश के पास पहुंच चुका है, जिसका असर उत्तर प्रदेश में साफ दिखाई दे रहा है. इसी वजह से पूरब से लेकर पश्चिमी यूपी तक कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है. हालांकि 15 जुलाई के बाद मानसून कमजोर पड़ने के संकेत हैं, जिससे तीन से चार दिनों तक उमसभरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.
इन जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी
महाराजगंज, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, कुशीनगर, मुजफ्फरनगर, मथुरा, आगरा, एटा, मैनपुरी, देवरिया, हाथरस (महामाया नगर), कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज सहित कई जिलों के लिए तेज बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों से बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है.
बारिश के आंकड़े और लखनऊ का मौसम
प्रदेश में अब तक 29 जिलों में सामान्य, 10 जिलों में सामान्य से अधिक और 21 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हालांकि बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है. फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है.
Must Read- मेरठ छात्रा हत्याकांड पर गरमाई सियासत, पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेता को पुलिस ने रोका
