बस अड्डे में फाइव स्टार होटल और मॉल का मजा! प्रयागराज में बन रहा यूपी का पहला 18 मंजिला बस स्टेशन, जानें किस फ्लोर पर क्या होगा

Prayagraj Bus Stand Project: प्रयागराज के सिविल लाइंस बस अड्डे का कायाकल्प होने जा रहा है. अब यह 18 मंजिला बस पोर्ट, होटल, मॉल और व्यावसायिक परिसर के साथ एक आधुनिक हब बनेगा. जानिए पूरी योजना और सुविधाएं.

Prayagraj Bus Stand Project: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सिविल लाइंस बस अड्डे की तस्वीर अब पूरी तरह बदलने वाली है. यहां 18 मंजिला बस पोर्ट और व्यावसायिक परिसर विकसित किया जा रहा है. उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) और ओमैक्स समूह की साझेदारी में यह परियोजना पीपीपी मॉडल पर तैयार की जा रही है. पहले इस बस अड्डे को 13 मंजिला बनाने की योजना थी, लेकिन डिजाइन में बदलाव के बाद अब इसे 18 मंजिल तक विकसित किया जाएगा. यहां बस टर्मिनल के साथ होटल, मॉल, रेस्टोरेंट, रिटेल शॉप्स और अन्य व्यावसायिक सुविधाएं भी होंगी.

दो ब्लॉक में विकसित होगा पूरा परिसर

पूरे प्रोजेक्ट को ब्लॉक-ए और ब्लॉक-बी में विकसित किया जाएगा. ब्लॉक-ए मुख्य टावर होगा, जो 18 मंजिल तक बनेगा, जबकि ब्लॉक-बी अपेक्षाकृत छोटा होगा. परियोजना का मॉडल तैयार हो चुका है. रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकन होटल समूह विंडहैम होटल एंड रिसॉर्ट फाइव स्टार होटल से जुड़ी सुविधाएं विकसित करेगा. दोनों ब्लॉकों के बीच स्विमिंग पूल, जिम, बैंक्वेट सहित अन्य प्रीमियम सुविधाएं प्रस्तावित हैं. परियोजना में बसों और निजी वाहनों की आवाजाही के लिए अलग-अलग रूट रखने की योजना है, ताकि सिविल लाइंस इलाके में ट्रैफिक का दबाव कम रखा जा सके.

बसों की एंट्री नवाब यूसुफ रोड से होगी

बसों के प्रवेश के लिए नवाब यूसुफ रोड की ओर से रास्ता रखा जाएगा. मस्जिद के बगल से होकर बसें और यात्री बस अड्डा परिसर में पहुंचेंगे. ग्राउंड फ्लोर पर बसों को खड़ा करने के लिए बस बे बनाए जाएंगे और यहीं से बसों का संचालन होगा. वहीं, एमजी मार्ग की ओर से निजी वाहनों को प्रवेश देने की योजना है. इस रास्ते का इस्तेमाल मुख्य रूप से होटल, मॉल और व्यावसायिक परिसर में आने वाले लोगों के लिए किया जाएगा. बेसमेंट से वाहनों की निकासी मस्जिद के दूसरी ओर, टूरिस्ट बंगले की दीवार के पीछे की दिशा से प्रस्तावित है.

किस मंजिल पर क्या होगा?

18 मंजिला भवन में दो अंडरग्राउंड बेसमेंट भी होंगे. योजना के मुताबिक अलग-अलग मंजिलों पर इस तरह की सुविधाएं प्रस्तावित हैं:

  • दो अंडरग्राउंड बेसमेंट: बसों और अन्य वाहनों की पार्किंग
  • ग्राउंड फ्लोर: बसों के लिए बस बे और बस संचालन की व्यवस्था
  • पहली और दूसरी मंजिल: यात्रियों के लिए वेटिंग रूम, शौचालय, खाने-पीने सहित अन्य सुविधाएं
  • तीसरी मंजिल: फूड कोर्ट
  • चौथी मंजिल: बैंक्वेट
  • पांचवीं मंजिल: मल्टीपरपज हॉल
  • छठी से 18वीं मंजिल: फाइव स्टार होटल और सुइट्स
  • अन्य व्यावसायिक सुविधाएं: रिटेल शॉप्स, रेस्टोरेंट और मल्टीप्लेक्स भी परिसर का हिस्सा होंगे.

इस परियोजना के पूरा होने के बाद प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में सिर्फ आधुनिक बस टर्मिनल ही नहीं, बल्कि होटल, खान-पान, खरीदारी और अन्य व्यावसायिक सुविधाओं वाला एक एकीकृत परिसर विकसित होने की योजना है.

Must Read: ट्रेन से सफर का प्लान है तो पहले जान लें ये बदलाव! गोरखपुर होकर चलेगी लालकुआं-कोलकाता स्पेशल, अमृत भारत का भी बदलेगा रूट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By खुशबू कुमारी

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >