UP News: अमरोहा की अदालत ने छात्रा से दुष्कर्म के मामले में पीएसी जवान को दोषी ठहराते हुए 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने आरोपी पर ₹20 हजार का जुर्माना भी लगाया. फैसला सुनाए जाने के समय वह जमानत पर था, लेकिन कोर्ट ने तुरंत उसकी जमानत निरस्त कर उसे जेल भेजने का आदेश दे दिया.
लाइब्रेरी जाते समय हुई थी वारदात
यह मामला रजबपुर थाना क्षेत्र का है. अभियोजन के अनुसार, 16 अगस्त 2021 को एक छात्रा पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी जा रही थी. आरोप है कि रास्ते में 2019 बैच के पीएसी जवान सलमान ने उसके साथ छेड़छाड़ की. विरोध करने पर मारपीट की गई और उसे जबरन ले जाने का भी प्रयास किया गया. पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
जांच में दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ी गईं
जांच के दौरान पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में दुष्कर्म की धाराएं शामिल कीं. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. बाद में उसे जमानत मिल गई और वह मुकदमे की सुनवाई के दौरान बाहर था.
गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर दोषी ठहराया
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (त्वरित न्यायालय-प्रथम) की अदालत में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य पेश किए. अदालत ने इन्हें पर्याप्त मानते हुए सलमान को दोषी करार दिया और 10 वर्ष के कठोर कारावास के साथ ₹20 हजार जुर्माने की सजा सुनाई. साथ ही आरोपी की जमानत रद्द कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.
Must Read- आगरा में रेलवे लाइन किनारे लॉजिस्टिक गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
