UP News: सुभासपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट किया है. अपने पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के सामने अब एनडीए से ज्यादा अपने राजनीतिक आधार को बचाने की चुनौती है. उन्होंने PDA और MY समीकरण को लेकर भी कई राजनीतिक टिप्पणियां की हैं.
राहुल गांधी और ओवैसी का किया जिक्र
ओम प्रकाश राजभर ने लिखा कि इस बार अखिलेश यादव को एनडीए से नहीं, बल्कि "अपने ही लोगों" से लड़ना होगा. उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी का PDA समीकरण कमजोर पड़ चुका है और अब MY समीकरण को बचाने की नौबत आ गई है. राजभर ने यह भी कहा कि राहुल गांधी MY समीकरण के "M" यानी मुस्लिम वर्ग की ओर बढ़ रहे हैं. साथ ही उन्होंने इशारों में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का भी जिक्र करते हुए कहा कि वह भी उसी राजनीतिक आधार में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
सपा पर लगाए कई गंभीर आरोप
अपने पोस्ट में राजभर ने समाजवादी पार्टी पर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि गांव-गांव में सपा की छवि गुंडागर्दी और माफिया की पार्टी की बन चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान गैर-यादव पिछड़ों और दलितों पर अत्याचार होते हैं, लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं होती हैं, पुलिस थाने और तहसीलें सपा के दफ्तरों की तरह काम करती हैं तथा हर जिले और विभाग में माफियाओं को संरक्षण दिया जाता है. उन्होंने इसे "सैफई सिंडिकेट" बताया.
2027 चुनाव को लेकर भी किया दावा
पोस्ट के अंत में ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि इन कारणों से मुस्लिम समाज भी अब समाजवादी पार्टी से दूरी बना रहा है. उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी मुख्य विपक्षी दल बनने की स्थिति में भी नहीं रहेगी. राजभर ने अखिलेश यादव को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने, अपने राजनीतिक आधार को मजबूत करने और "जमीनी हकीकत" समझने की सलाह देते हुए पोस्ट का समापन "जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण और जय महाराजा सुहेलदेव" के उद्घोष के साथ किया.
Must Read- हेलमेट का 6 हजार का चालान पड़ा भारी! लाइनमैन ने काट दी थाने और पुलिस चौकियों की बिजली, मच गया हड़कंप
