UP News: नोएडा में सेक्टर-142 से सेक्टर-38ए बॉटेनिकल गार्डन तक प्रस्तावित नई मेट्रो लाइन के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है. नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने निर्माण एजेंसी और सलाहकार के चयन के बाद काम शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है. कास्टिंग यार्ड के लिए तीन जगहों को चिह्नित किया जाएगा, जिनमें से एक जगह निर्माण एजेंसी एल एंड टी को दी जाएगी.
सेक्टर-142 से शुरू होगा मेट्रो लाइन का काम
NMRC के अधिकारियों की सोमवार को हुई बैठक में नई मेट्रो लाइन के निर्माण और कास्टिंग यार्ड को लेकर चर्चा हुई. तय किया गया कि निर्माण कार्य सेक्टर-142 की तरफ से शुरू किया जाएगा. वहीं, बॉटेनिकल गार्डन और सेक्टर-44 की तरफ काम बाद में किया जाएगा. इस दौरान दिल्ली मेट्रो और अन्य संबंधित विभागों से जरूरी अनापत्ति और मंजूरी लेने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी.
कास्टिंग यार्ड के लिए तीन जगहों पर नजर
मेट्रो निर्माण के लिए कास्टिंग यार्ड बेहद जरूरी है. इसके लिए तीन जगहों पर जमीन चिह्नित की जाएगी. इसके बाद निर्माण एजेंसी एल एंड टी को इन स्थानों का निरीक्षण कराया जाएगा और इनमें से एक जगह कास्टिंग यार्ड के लिए उपलब्ध कराई जाएगी. एनएमआरसी ने निर्माण शुरू करने की तैयारियों के तहत नोएडा प्राधिकरण को भी पत्र भेजा है.
भूमिगत लाइनें भी होंगी शिफ्ट
NMRC ने प्राधिकरण से मेट्रो रूट में आने वाली अवस्थापना सुविधाओं की शिफ्टिंग की तैयारी करने को कहा है. इसके लिए प्राधिकरण की ओर से सर्वे कराया जाएगा. एक्सप्रेसवे के किनारे जल, सीवर और बिजली की भूमिगत लाइनें मौजूद हैं, जिन्हें जरूरत के अनुसार शिफ्ट किया जाएगा. सेक्टर-142 में एक्वा लाइन का मौजूदा मेट्रो स्टेशन है. यहां से निर्माण शुरू करने के लिए किसी अन्य विभाग की अनापत्ति की जरूरत नहीं होगी. स्टेशन से एक्सप्रेसवे के किनारे मेट्रो का रूट आगे ले जाया जाएगा, जो महामाया फ्लाईओवर से पहले तक पहुंचेगा.
11.56 किमी लंबी होगी नई मेट्रो लाइन
सेक्टर-142 से सेक्टर-38ए बॉटेनिकल गार्डन तक प्रस्तावित यह मेट्रो लाइन एक्वा लाइन का एक्सटेंशन होगी. करीब 11.56 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रूट पर कुल 8 स्टेशन बनाए जाएंगे. इनमें बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44, नोएडा ऑफिस सेक्टर-94, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93 और पंचशील बालक इंटर कॉलेज स्टेशन शामिल हैं. इस परियोजना पर करीब 2,254.35 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. नए मेट्रो रूट के शुरू होने से नोएडा-ग्रेटर नोएडा में रहने और काम करने वाले लोगों के साथ आसपास के गांवों के लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
Also Read: यूपी में घर का सपना देख रहे हजारों परिवारों का इंतजार खत्म! 73,184 आवास मंजूर, जानें किसे मिलेगा लाभ
