UP Weather: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है. बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र प्रदेश के कुछ हिस्सों को प्रभावित कर रहा है. मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. सोमवार को कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि 24 जुलाई तक कई जिलों के लिए यलो अलर्ट रहेगा. हालांकि मॉनसून सक्रिय होने के बावजूद कानपुर में अच्छी बारिश नहीं होने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
कानपुर में बादल आए, बारिश नहीं
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ रहा है, लेकिन इसका असर अभी एक-दो दिन तक बना रह सकता है. मॉनसून ट्रफ हरदोई से गुजर रही है, फिर भी प्रदेश के सभी हिस्सों में एक जैसी बारिश नहीं हो रही है. कानपुर के कुछ इलाकों में हल्की फुहारें पड़ीं, जबकि शहर के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई.
गर्मी से मिलेगी थोड़ी राहत
बादलों की वजह से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई. अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान बढ़कर 26.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल हीट डे जैसी स्थिति बनने की संभावना कम है, लेकिन उमस और गर्मी पूरी तरह खत्म नहीं होगी. कानपुर में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं.
आगरा में तीन दिन बारिश की संभावना
आगरा में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं. रविवार से बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है और हल्की बारिश होने की संभावना है. सोमवार से अगले तीन दिनों तक तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है. अगर मौसम की स्थिति अनुकूल रही तो महीने के अंत तक रुक-रुक कर बारिश होती रह सकती है.
मेरठ समेत पश्चिमी यूपी में भारी बारिश का अलर्ट
मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 20 से 24 जुलाई के बीच अच्छी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इस दौरान कई जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित होने की भी आशंका जताई गई है.
Also Read: बिजली बिल में नया नियम, एड्रेस प्रूफ पर असर
