UP News: मेरठ पुलिस लाइन में तैनात महिला उपनिरीक्षक अनु को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो शेयर करने के मामले में रविवार को निलंबित कर दिया गया. अनु के यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर दो चैनल बताए गए हैं, जहां वह जिम में वर्कआउट और निजी जीवन से जुड़े वीडियो साझा करती थीं. मामले की जांच साइबर सेल के साथ सीओ कार्यालय सौम्या सिंह को सौंपी गई है.
सोशल मीडिया पर बनाए थे दो चैनल
महिला उपनिरीक्षक अनु सोशल मीडिया पर अपने दो चैनलों के जरिए वर्कआउट, स्वस्थ रहने के टिप्स और निजी जीवन से जुड़े वीडियो साझा करती थीं. इन चैनलों पर उन्होंने खुद की पहचान यूपी पुलिस की उपनिरीक्षक के तौर पर भी दर्ज कर रखी थी. हालांकि, सामने आए वीडियो में उन्हें वर्दी में नहीं देखा गया है.
QR कोड वाले वीडियो पर उठे सवाल
मामला उस समय चर्चा में आया, जब अनु की ओर से एक वीडियो के साथ QR कोड भी साझा किया गया. यूपीएससी से जुड़े टिप्स देने वाले एक व्लॉगर ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए सवाल उठाए. इसमें QR कोड के जरिए पैसे मांगने का दावा किया गया और सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों के लिए तय नियमों को लेकर भी सवाल खड़े किए गए.
वायरल पोस्ट के बाद विभाग ने की कार्रवाई
सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद एसएसपी अविनाश पांडेय ने महिला उपनिरीक्षक अनु को निलंबित कर दिया. पुलिस विभाग के मुताबिक, सोशल मीडिया नीति के उल्लंघन के मामले में यह कार्रवाई की गई है. वीडियो की सत्यता की जांच साइबर सेल कर रही है, जबकि पूरे मामले की जांच सीओ कार्यालय सौम्या सिंह को सौंपी गई है.
जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
एसपी क्राइम मेरठ अवनीश कुमार ने बताया कि उपनिरीक्षक अनु को पुलिस विभाग की सोशल मीडिया नीति का उल्लंघन करने पर निलंबित किया गया है. उन्होंने कहा कि वीडियो की सत्यता की जांच साइबर सेल को दी गई है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
