UP News: मेरठ के भोजपुर क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे तीन कांवड़ियों की मौत हो गई. तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक कंटेनर समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ निवासी प्रदीप, राजकुमार और ज्ञान प्रकाश सावन के दौरान कांवड़ यात्रा पर हरिद्वार गए थे. बुधवार सुबह तीनों एक ही बाइक से गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे थे. सुबह करीब 4:30 बजे भोजपुर के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों कांवड़िए कई मीटर दूर सड़क पर जा गिरे.
पुलिस और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने एक्सप्रेसवे कंट्रोल रूम और पुलिस को जानकारी दी. इसके बाद एक्सप्रेसवे पर तैनात स्पेशल रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. तीनों घायलों को तुरंत मोदीनगर के अस्पताल ले जाया गया. वहीं, एक्सप्रेसवे के प्रोजेक्ट हेड अनिल शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित किया
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों कांवड़ियों को मृत घोषित कर दिया. हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है. फरार कंटेनर और उसके चालक की पहचान के लिए एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: 10 दिनों तक खंभे से बंधी रही महिला, चलता रहा तंत्र-मंत्र... जानिए UP में अंधविश्वास ने कैसे ली जान
