UP News: लखनऊ में मंगलवार को भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव के हालात बन गए. कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता हाथों में लाठी-डंडे लेकर मुख्यमंत्री आवास घेरने के लिए निकले, वहीं भाजपा ने भी कांग्रेस कार्यालय घेरने का ऐलान किया था. दोनों दलों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था की है.
कांग्रेस कार्यालय से CM आवास की ओर बढ़े कार्यकर्ता
कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता लाठी लेकर पार्टी कार्यालय से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने निकले. पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर ही बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की. इस दौरान कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश करते नजर आए. कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं के हाथों में भी लाठी-डंडे दिखाई दिए. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर बैठ गए. पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने धरना शुरू कर दिया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा अगर उनके कार्यालय पर प्रदर्शन करने आएगी तो वे उसी अंदाज में जवाब देंगे.
भाजपा का मार्च भी रोका गया, VVIP गेस्ट हाउस पर जुटे नेता
उधर, भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय घेरने के लिए पैदल मार्च का ऐलान किया था. हालांकि पुलिस ने VVIP गेस्ट हाउस के पास ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोक दिया. भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और भाजपा कार्यकर्ता फिलहाल वहीं रुके हुए हैं. लखनऊ के हजरतगंज इलाके में दोनों दलों के प्रदर्शन के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. दोनों पक्ष करीब 500 मीटर की दूरी पर हैं, जिससे टकराव की आशंका को देखते हुए पुलिस सतर्क है.
लखनऊ में बढ़ी सियासी हलचल
कांग्रेस और भाजपा के प्रदर्शन के चलते हजरतगंज क्षेत्र में यातायात प्रभावित हुआ है. पुलिस-प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उनका प्रदर्शन छात्रों के अधिकारों और संविधान के मुद्दे को लेकर है, जबकि भाजपा ने कांग्रेस के प्रदर्शन के जवाब में अपना विरोध जताने का फैसला किया है.
