UP News: नोएडा के सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली प्रिंसली सोसायटी के एक फ्लैट में संयुक्त छापेमारी के दौरान करीब दो करोड़ रुपये की कैंसर और अन्य महंगी जैविक दवाएं बरामद की गई हैं. कार्रवाई दिल्ली क्राइम ब्रांच, सीडीएससीओ नॉर्थ जोन और जिला औषधि विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से की. मौके से आनंद कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है. शुरुआती जांच में इस पूरे मामले के दिल्ली में पहले से पकड़े गए दवा तस्करी गिरोह से जुड़े होने के संकेत मिले हैं.
संयुक्त कार्रवाई में मिली बड़ी खेप
जिला औषधि निरीक्षक जयसिंह के अनुसार, दिल्ली में चल रही जांच के दौरान सूचना मिली थी कि सेक्टर-76 स्थित फ्लैट नंबर-402 में बड़ी मात्रा में दवाएं छिपाकर रखी गई हैं. सूचना के आधार पर 20- 21 जुलाई की रात संयुक्त टीम ने छापेमारी की. इस दौरान कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई महंगी और आयातित दवाएं बरामद की गईं.
सरकारी सप्लाई की दवाएं होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद दवाओं में कुछ बिहार सरकार की सरकारी सप्लाई की हैं. आशंका जताई जा रही है कि इन दवाओं को सरकारी व्यवस्था से निकालकर निजी मरीजों को ऊंचे दाम पर बेचा जा रहा था. मामले की जांच अब इस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए आगे बढ़ाई जा रही है.
दिल्ली से जुड़ा दवा तस्करी नेटवर्क
जांच एजेंसियों के मुताबिक यह मामला दिल्ली में पहले पकड़े गए एक बड़े दवा तस्करी गिरोह से जुड़ा है. इस कार्रवाई के बाद अब तक इस मामले में कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. बरामद सभी दवाओं को सील कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. वहीं, नेटवर्क के अन्य सदस्यों और ठिकानों का पता लगाने के लिए जांच टीम को हैदराबाद भी भेजा गया है.
Must Read- फार्स्ट ट्रैक कोर्ट ने सुनाया सख्त फैसला, बेटी और बहू से दुष्कर्म करने वाले पिता को उम्रकैद कि सजा
