UP News: त्योहारों के सीजन में ट्रेन से घर जाने वाले लाखों यात्रियों के लिए रेलवे बड़ा कदम उठाने जा रहा है. लंबी दूरी की ट्रेनों के जनरल और स्लीपर कोच में होने वाली भारी भीड़ को कम करने के लिए भारतीय रेलवे करीब 3,200 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे जोड़ने की तैयारी कर रहा है. नई व्यवस्था के तहत ट्रेनों को 24 डिब्बों वाले फुल एलएचबी (LHB) रैक में बदला जाएगा. इनमें कम से कम 4 जनरल और 6 से 8 स्लीपर कोच अनिवार्य रूप से होंगे.
2 जनरल कोच की वजह से होती है भारी भीड़
अभी आमतौर पर लंबी दूरी की ट्रेनों में सिर्फ 2 जनरल कोच होते हैं. यात्रियों की संख्या ज्यादा होने के कारण इन डिब्बों में क्षमता से कई गुना अधिक भीड़ हो जाती है. ऐसे में सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. रेलवे के इस फैसले का सीधा फायदा उन लाखों यात्रियों को मिलेगा, जो जनरल और स्लीपर कोच में सफर करते हैं. खासकर दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान लोगों को घर जाने के लिए ट्रेन में जगह मिलने में आसानी होगी.
हर साल 36 करोड़ अतिरिक्त सीटें मिलेंगी
मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जुड़ने के बाद यात्रियों के लिए हर साल करीब 36 करोड़ अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होने का अनुमान है. इससे ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को कम करने में मदद मिलेगी और ज्यादा से ज्यादा लोग आराम से यात्रा कर सकेंगे.
बड़े शहरों को जोड़ने वाले रूटों पर ज्यादा फायदा
हिन्दुस्तान समाचार-पत्र की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, पुणे और चेन्नई जैसे बड़े औद्योगिक शहरों को जोड़ने वाले रूटों पर इस बदलाव का खास फायदा होगा. अतिरिक्त कोच जुड़ने से त्योहारों के दौरान होने वाली अफरातफरी कम होगी और दूसरे राज्यों में काम करने वाले प्रवासियों को अपने घर लौटने में भी सहूलियत मिलेगी.
इन ट्रेनों में तुरंत जुड़ेंगे अतिरिक्त कोच
रेलवे की योजना के तहत वैशाली एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस और अवध-असम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में तुरंत अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे. कुल मिलाकर रेलवे का यह कदम आम यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. जनरल और स्लीपर कोच की संख्या बढ़ने से न सिर्फ यात्रियों को सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी, बल्कि त्योहारों के दौरान ट्रेनों में होने वाली बेतहाशा भीड़ को भी नियंत्रित करने में मदद मिलेगी.
Also Read: शादी की तस्वीरों ने खोला करोड़ों की ठगी का राज, गेटअप बदलकर रचा 25 शादियों का खेल, जानें पूरा मामला
