UP News: यूपी के नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य के आर्य हॉस्पिटल एंड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में मंगलवार को एक्सरे के दौरान एक मरीज के ऊपर मशीन का हिस्सा गिर गया. हादसे के बाद 70 वर्षीय मरीज मिश्रीलाल उर्फ लाला प्रसाद की मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
एक्सरे के दौरान हुआ हादसा
शाहपुरजी सुखराय गांव निवासी मिश्रीलाल मछली पालन करते थे. परिजनों के मुताबिक, पेट में अधिक दर्द होने के बाद उन्हें शुक्रवार को पीलीभीत हाईवे स्थित विधायक के अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिजनों का कहना है कि उन्हें आईसीयू में रखा गया, लेकिन पेट का दर्द कम नहीं हुआ. मंगलवार को उन्हें एक्सरे के लिए रेडियोलॉजी कक्ष ले जाया गया, जहां एक्सरे की प्रक्रिया के दौरान मशीन का एक हिस्सा उनके ऊपर गिर गया.
हादसे के बाद अस्पताल में हंगामा
घटना के बाद अस्पताल में अफरातफरी मच गई. परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद एक्सरे कक्ष का स्टाफ वहां से हट गया. इसके बाद बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया. सूचना मिलने पर सीओ नीलेश मिश्र, कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव और पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने परिजनों को शांत कराया, जबकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए.
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक की बेटी लीलावती ने आरोप लगाया कि उनके पिता को शुक्रवार को आईसीयू में भर्ती कराने के बावजूद आराम नहीं मिला और एक्सरे के दौरान मशीन उनके ऊपर गिरने से उनकी जान चली गई. वहीं, सीओ नीलेश मिश्र ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है. अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत भी नहीं मिली है. तहरीर मिलने पर तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अस्पताल प्रबंधन ने बताया अलग कारण
अस्पताल संचालक और विधायक डॉ. एमपी आर्य ने कहा कि मरीज पहले से गंभीर हालत में भर्ती था. उनके मुताबिक, एक्सरे के लिए ले जाते समय घबराहट में मरीज का पैर मशीन में फंस गया, जिससे उसका एक हिस्सा मरीज के ऊपर गिर गया. उन्होंने दावा किया कि मरीज की मौत उपचार के दौरान हुई. घटना की जानकारी मिलने के बाद कई स्थानीय भाजपा नेता भी अस्पताल पहुंचे और देर तक परिसर में लोगों की भीड़ लगी रही.
Must Read- सावन में यूपी की इन 5 परंपराओं का इतिहास है बेहद दिलचस्प, कहीं नागकूप तो कहीं गूंजती है कजरी
