कूड़ा फेंकना बना मौत की वजह! पहले हुई कहासुनी, फिर मचा खूनी बवाल, देवर-भतीजे ने हंसिया से हमला कर भाभी की ले ली जान

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बांदा में मामूली कूड़ा विवाद खूनी अंजाम तक पहुंच गया. जसपुरा थाना क्षेत्र के बरेहटा फकीरा गांव में दो भाइयों के परिवारों के बीच हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई. घटना में एक महिला की हंसिया से वार कर हत्या कर दी गई.

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बांदा में घर के सामने कूड़ा फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. जसपुरा थाना क्षेत्र के बरेहटा फकीरा गांव में दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान खेत से काम करके घर लौटी गीता पर उसके देवर रामबहादुर और उसके भतीजे ने कथित तौर पर हंसिया से हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई. पुलिस ने हत्या के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

कूड़ा डालने को लेकर शुरू हुई कहासुनी

पुलिस के मुताबिक, सोमवार को गीता के बेटे ने घर के सामने कूड़ा डाल दिया था. इस पर उसके चाचा रामबहादुर ने आपत्ति जताई. रामबहादुर ने युवक से पूछा कि वह पिछले कुछ दिनों से घर के सामने कूड़ा क्यों डाल रहा है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर रामबहादुर और उसके भतीजे ने युवक के साथ मारपीट कर दी. इसके बाद युवक ने अपने माता-पिता को बुला लिया.

दोनों पक्षों में शुरू हो गई मारपीट

युवक के माता-पिता के मौके पर पहुंचने के बाद रामबहादुर और उसके भाई राजबहादुर के बीच भी विवाद शुरू हो गया. परिवार का एक अन्य युवक राजू भी वहां पहुंच गया. इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी. इसी दौरान खेत से काम करके गीता भी घर पहुंच गई. बताया गया कि उस समय उसके हाथ में हंसिया था.

हंसिया से महिला पर किया हमला

आरोप है कि झगड़े के दौरान रामबहादुर और उसके भतीजे ने गीता से हंसिया छीन लिया और उसी से उस पर हमला कर दिया. हंसिया का वार महिला के सीने पर लगा, जिससे उसके फेफड़े और पसलियों में गंभीर चोट आई. चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया. सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया.

इलाज के लिए अस्पताल पहुंची महिला की मौत

अस्पताल में डॉक्टरों ने गीता को मृत घोषित कर दिया. वहीं उसके पति राजबहादुर और बेटे समेत दूसरे पक्ष के कुछ लोग भी घायल हुए हैं. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया. पुलिस ने गीता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर रामबहादुर और उसके भतीजे को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में दोनों परिवारों के बीच किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Must Read: UP Electricity: बिजली बिल देखकर कहीं आपके भी तो नहीं उड़ गए होश? परेशान न हों, ऐसे कराएं बिल में सुधार, जानें पूरा तरीका

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By खुशबू कुमारी

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >