प्रेम विवाह कर गांव लौटे दंपती, फिर बुलाई गई पंचायत... ऐसा क्या हुआ कि छोड़ना पड़ा गांव?

UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत में प्रेम विवाह के बाद गांव लौटे एक जोड़े को ग्रामीणों की आपत्ति पर पंचायत ने गांव छोड़ने का आदेश दिया. पुलिस ने मामले में शांति व्यवस्था सामान्य होने की बात कही है.

UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत के झूंडपुर गांव में प्रेम विवाह करने के करीब चार महीने बाद लौटे युवक-युवती के गांव में रहने को लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई. बुधवार को इस मामले को लेकर पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों के गांव में रहने पर चर्चा हुई. पंचायत ने उन्हें गांव से बाहर जाने को कहा. पंचायत खत्म होने के बाद युवक अपनी पत्नी के साथ गांव से चला गया. पुलिस का कहना है कि प्रेम विवाह को लेकर किसी को आपत्ति नहीं है और गांव में शांति व्यवस्था सामान्य है.

प्रेम प्रसंग के बाद दोनों ने की कोर्ट मैरिज

झूंडपुर गांव निवासी जाट समाज के युवक का पड़ोस की हिंदू लुहार समाज की युवती से प्रेम प्रसंग था. ग्रामीणों के अनुसार, करीब छह महीने पहले दोनों गांव से चले गए थे. ग्रामीणों के समझाने पर युवक युवती को वापस घर छोड़ गया था. इसके बाद युवती की विधवा मां ने उसे रिश्तेदारी में रहने के लिए भेज दिया. दोनों के बीच बातचीत जारी रही और कुछ समय बाद युवक उसे रिश्तेदारी से लेकर चला गया. इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और गांव से बाहर रहने लगे.

दो सप्ताह से गांव में रह रहा था दंपती

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब दो सप्ताह पहले युवक अपनी पत्नी के साथ दोबारा गांव में आकर रहने लगा. इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों और युवती के परिजनों ने आपत्ति जताई. इसी को लेकर बुधवार को पंचायत बुलाई गई. इसमें युवक और युवती के परिवार के लोग भी शामिल हुए. ग्रामीणों ने दोनों के गांव में रहने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे अन्य युवक-युवतियों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है.

पंचायत ने गांव से बाहर जाने को कहा

पंचायत में दोनों को गांव से बाहर भेजने का निर्णय लिया गया. युवक के परिजनों ने पांच दिन का समय मांगा, जबकि पंचायत की ओर से एक सप्ताह का समय दिया गया. हालांकि, पंचायत समाप्त होने के बाद ही युवक अपनी पत्नी के साथ गांव से चला गया.

पुलिस बोली- प्रेम विवाह पर किसी को आपत्ति नहीं

पंचायत की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली. SP सूरज कुमार राय ने बताया कि दोनों के प्रेम विवाह करने पर किसी को आपत्ति नहीं है. उन्होंने कहा कि दोनों के दोबारा गांव में आकर रहने को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत की थी. फिलहाल गांव में शांतिभंग जैसी कोई स्थिति नहीं है और शांति व्यवस्था सामान्य है.

Must Read: PUBG में रुपये हारे तो बेटे ने रची अपहरण की कहानी, पिता को भेजी फूटी आंख की फोटो, मांगी 1 लाख की फिरौती


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By खुशबू कुमारी

खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >