ASI Investigation Saharanpur: कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद नीचे मिले कुएं की जांच शुरू हो गई है. सोमवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की टीम लखनऊ से सहारनपुर पहुंची. टीम ने कुएं की ईंटों की बनावट और उससे जुड़े दूसरे पुरातात्विक पहलुओं को देखा. एएसआई के सहायक पुरातत्व अधिकारी डॉ. मनोज कुमार यादव ने शुरुआती जांच के बाद बताया कि कुआं करीब 250 साल पुराना हो सकता है. हालांकि, जांच अभी जारी है और अंतिम रिपोर्ट आना बाकी है. दूसरी ओर, मस्जिद विवाद को लेकर सपा और कांग्रेस नेताओं पर पुलिस की सख्ती भी देखने को मिली.
लखौरी ईंटों से बना है कुआं
ASI की टीम ने कुएं की बनावट और उसमें लगी ईंटों की जांच की. डॉ. मनोज कुमार यादव के मुताबिक, कुआं लखौरी ईंटों से बना हुआ दिखाई दे रहा है. शुरुआती जांच में इसकी उम्र करीब 250 साल पुरानी होने का अनुमान लगाया गया है. अधिकारी के अनुसार, अभी जांच पूरी नहीं हुई है, इसलिए इसकी उम्र को लेकर अंतिम निष्कर्ष बाद में सामने आएगा.
सपा नेताओं को रोका गया
सपा के 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त से मिलने की घोषणा की थी. इसके बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया. रिपोर्ट के मुताबिक, कई सपा नेताओं को उनके गृह जनपद में ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया. मुजफ्फरनगर से सांसद हरेन्द्र मलिक और जिलाध्यक्ष जिया चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे. मंडलायुक्त के नहीं मिलने पर उन्होंने अपर आयुक्त को ज्ञापन दिया. वहीं, सर्किट हाउस में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव, सांसद इकरा हसन समेत अन्य नेता मौजूद थे. यहां भी पुलिस तैनात रही. पूर्व मंत्री शायान मसूद को सर्किट हाउस पहुंचते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया. उन्होंने मस्जिद स्थल पर सफाई, खुदाई या किसी भी तरह के बदलाव पर रोक लगाने की मांग की. साथ ही भूखंड पर तीसरे पक्ष के अधिकार या निर्माण को रोकने की भी मांग की.
अजय राय भी हाउस अरेस्ट
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय को सहारनपुर पहुंचने से पहले ही लखनऊ में हाउस अरेस्ट कर लिया गया. इस बीच विश्वकर्मा चौक पर एक विवादित पोस्टर भी मिला. पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है. एसएसपी अभिनंदन सिंह ने कहा कि जिले में शांति का माहौल है. उन्होंने बताया कि पोस्टर किसी असामाजिक तत्व की ओर से लगाए गए हैं और मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.
मुरादाबाद में मस्जिद को 15 दिन का नोटिस
सहारनपुर के विवाद के बीच मुरादाबाद में भी सरकारी जमीन पर बने धार्मिक निर्माण को लेकर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है. दिल्ली रोड पर पाकबड़ा थाना क्षेत्र में करीब 300 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद को मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) ने अवैध निर्माण माना है. एमडीए ने मस्जिद के मुतवल्ली को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर निर्माण खुद हटाने के निर्देश दिए हैं. तय समय में निर्माण नहीं हटाया गया तो एमडीए की टीम बुलडोजर से इसे हटाने की कार्रवाई कर सकती है.
