UP News: भोजपुरी अभिनेत्री अंजना सिंह ने अभिनेता खेसारी लाल यादव समेत कई लोगों के खिलाफ लखनऊ साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर उनकी और उनकी 11 वर्षीय बेटी की एआई (AI) से बनाई गई अश्लील तस्वीरें वायरल की गईं. साथ ही अभद्र टिप्पणियां, धमकियां और ऑनलाइन उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है. पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है.
सोशल मीडिया अभियान चलाने का आरोप
अंजना सिंह ने अपनी शिकायत में खेसारी लाल यादव, उनके मैनेजर, फिल्म लेखक अखिलेश कश्यप, कृष्णा बेदर्दी और संजय यादव का नाम लिया है. उनका आरोप है कि एक पॉडकास्ट में दिए गए बयान के बाद उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर सुनियोजित अभियान चलाया गया. उन्होंने कहा कि इस दौरान उनकी नाबालिग बेटी को भी निशाना बनाया गया, जिससे परिवार को मानसिक और सामाजिक परेशानी का सामना करना पड़ा.
कई सोशल मीडिया अकाउंट्स का किया जिक्र
शिकायत में अंजना सिंह ने कई सोशल मीडिया अकाउंट्स का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इन प्लेटफॉर्म्स से आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो और एआई से तैयार की गई अश्लील तस्वीरें साझा की गईं. उन्होंने बताया कि सभी पोस्ट, वीडियो और स्क्रीनशॉट सहित डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखे गए हैं. साथ ही इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक समेत संबंधित सोशल मीडिया कंपनियों से आवश्यक रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग भी की है.
पहले से विवादों में रहे दोनों कलाकार
अंजना सिंह और खेसारी लाल यादव के बीच विवाद पहले भी कई बार सार्वजनिक हो चुका है. हाल ही में एक पॉडकास्ट में अंजना सिंह ने खेसारी लाल को लेकर अपनी राय व्यक्त की थी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद फिर सुर्खियों में आ गया. फिलहाल साइबर क्राइम पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
Must Read- 'द मेड किचन' रेस्टोरेंट के भीतर प्रधान पुत्र की गोली मारकर हत्या, बाइक से फरार हुए हमलावर
