UP Political News : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरक्षण को लेकर दिए बयान पर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया है. उन्होंने सपा और कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान और आरक्षण दोनों सुरक्षित हैं. अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरक्षण खत्म करने की साजिश का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि आरक्षण में सुधार के नाम पर पीडीए के खिलाफ बड़ी साजिश की जा रही है. इसी बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने प्रतिक्रिया देते हुए सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा.
झूठ बोलने का ठेका लिए हैं सपा-कांग्रेस के नेता
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सपा हो या कांग्रेस, उनके नेता लगातार झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भी विपक्ष की ओर से संविधान और आरक्षण खत्म होने की बातें कही गई थीं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. राजभर ने दावा किया कि भाजपा की सरकार बनने के बाद संविधान और आरक्षण सुरक्षित हैं. उन्होंने विपक्ष पर सत्ता से दूर होने के कारण बौखलाहट में बयान देने का आरोप लगाया.
सपा सरकार में प्रमोशन में आरक्षण खत्म हुआ
आरक्षण के मुद्दे पर सपा पर हमला बोलते हुए राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान प्रमोशन में आरक्षण खत्म किया गया था. उनके मुताबिक, इस फैसले से बड़ी संख्या में लोगों को नुकसान हुआ. उन्होंने दावा किया कि इस वजह से लाखों लोगों ने नौकरी छोड़ दी और कुछ लोगों ने आत्महत्या तक कर ली. राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने आरक्षण के मामले में बड़ा नुकसान किया है.
संविधान के दायरे में चल रहा देश
राजभर ने कहा कि भारत संविधान के अनुसार चलता है और सभी व्यवस्थाएं संविधान के दायरे में ही संचालित होती हैं. उन्होंने कहा कि अगर कोई संविधान के दायरे से हटकर काम करता है तो उसके लिए खतरा पैदा हो सकता है. उन्होंने अखिलेश यादव पर राजनीतिक फायदे के लिए आरक्षण और संविधान का मुद्दा उठाने का आरोप लगाया.
वोट सबका चाहिए, सांसद सिर्फ यादव-मुस्लिम बनेंगे
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव की राजनीति पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सपा मुखिया यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि उनके साथ मुसलमान और यादव के अलावा कोई नहीं है. राजभर ने आरोप लगाया कि सपा को वोट सभी वर्गों का चाहिए, लेकिन पार्टी में सांसद बनने का मौका केवल यादव और मुस्लिम समुदाय के लोगों को मिलता है.
जर्जर स्कूलों के मुद्दे पर भी विपक्ष को जवाब
उत्तर प्रदेश में जर्जर स्कूल भवनों को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी ओम प्रकाश राजभर ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि जिन स्कूल भवनों की स्थिति खराब है, उन्हें चिह्नित कर ध्वस्तीकरण और नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है. राजभर ने कहा कि कई स्कूल भवन काफी पुराने हो चुके हैं और उनकी हालत जर्जर है. विपक्ष उन्हीं भवनों की तस्वीरें दिखाकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने दावा किया कि सरकार ने बड़े पैमाने पर स्कूल और कॉलेजों का निर्माण कराया है और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है.
Also Read : राखी पर छलके मुख्यमंत्री योगी की बहन के आंसू, बोलीं- आखिरी बार कब बांधी थी याद नहीं, आज भी बेचती हैं चाय
