UP News: रक्षाबंधन का त्योहार जहां हर तरफ खुशियां और उमंग लेकर आया था, वहीं आगरा के एक परिवार के लिए यह दिन कभी न भूलने वाला गम दे गया. मलपुरा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ईको कार ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को रौंद दिया, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई.
जूता फैक्टरी में काम करते थे पिता-पुत्र, रात की शिफ्ट के बाद लौट रहे थे
एसीपी सैंया जसवीर सिंह सिरोही के अनुसार, कागारौल कस्बा निवासी पप्पू और उनका बेटा सनी सिकंदरा स्थित एक जूता फैक्टरी में काम करते थे. दोनों गुरुवार को रात की शिफ्ट में काम करने गए थे. ड्यूटी पूरी करने के बाद पिता-पुत्र स्कूटी से घर लौट रहे थे. इसी दौरान खेरागढ़ रोड पर लालऊ पुल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ईको ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद दोनों सड़क पर दूर जा गिरे.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने पप्पू और सनी को मृत घोषित कर दिया. दुर्घटना के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया और यातायात सुचारू कराया. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ईको को कब्जे में ले लिया है, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया.
कार नंबर से चालक की तलाश, परिवार में मचा कोहराम
पिता-पुत्र की मौत की सूचना पुलिस ने परिजनों को दी तो घर में कोहराम मच गया. रक्षाबंधन के मौके पर परिवार में खुशियों की जगह मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक का पता लगाने में जुटी है. एसीपी सैंया ने बताया कि मृतकों के परिजनों की तहरीर मिलने के बाद फरार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा.
Must Read- गोरखपुर में वायुसेना प्रमुख को अपने बीच पाकर खिले बच्चों के चेहरे, ऑटोग्राफ और सेल्फी की मची होड़
