UP Crime News: हरदोई के संडीला में हुए चर्चित डबल मर्डर केस का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है. जांच में सामने आया कि पूरी वारदात की वजह एकतरफा प्रेम प्रसंग था. आरोपियों ने पहले हत्या की पूरी योजना बनाई और फिर पार्टी के बहाने दोनों दोस्तों को बुलाकर मौत के घाट उतार दिया.
प्रेम प्रसंग बना डबल मर्डर की वजह
पुलिस जांच के मुताबिक, एक बाल अपचारी अपनी बहन और मृतक अरुण चौरसिया के बीच चल रहे प्रेम संबंध से नाराज था. परिवार की ओर से कई बार दोनों की बातचीत बंद कराने की कोशिश की गई, लेकिन अरुण नहीं माना. इसके बाद आरोपियों ने अरुण और उसके दोस्त अभिषेक की हत्या की साजिश रच डाली.
कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने बुलाया
वारदात से दो दिन पहले खेत से लंबा बांस काटकर दो डंडे तैयार किए गए और उन्हें निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास छिपा दिया गया. 29 जुलाई की शाम प्रमोद ने अरुण और अभिषेक को पार्टी के बहाने बुलाया. रास्ते में कोल्ड ड्रिंक, प्लास्टिक के गिलास और नमकीन खरीदे गए. सभी लोग निर्माणाधीन इमारत की छत पर बैठकर पार्टी करने लगे, जबकि नीचे पहले से तमंचा और डंडे छिपाकर रखे गए थे.
पहले पूछा- हत्या के बाद पुलिस से कैसे बचें?
पुलिस के अनुसार, पार्टी के दौरान प्रमोद ने अभिषेक से पूछा कि यदि किसी की हत्या करनी हो तो पुलिस से कैसे बचा जा सकता है. अभिषेक ने बताया कि मोबाइल फोन कभी बंद नहीं करना चाहिए, बल्कि किसी दूसरे व्यक्ति को देकर उससे बात करवाते रहना चाहिए ताकि पुलिस लोकेशन ट्रेस न कर सके. पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने हत्या के बाद इसी तरीके को अपनाने की कोशिश की.
पार्टी खत्म होते ही शुरू कर दिया हमला
करीब एक घंटे बाद सभी लोग नीचे उतरे. पहले से तय योजना के तहत बाल अपचारी ने बांस के डंडे से अरुण के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए. अभिषेक जान बचाकर भागने लगा, लेकिन अन्य आरोपियों ने उसे पकड़कर गिरा दिया. इसके बाद दोनों पर डंडों, ईंट और पत्थरों से बेरहमी से हमला किया गया. पुलिस के मुताबिक, जब अरुण की सांस चलती दिखाई दी तो उसके चेहरे पर तमंचे से गोली मार दी गई. हत्या के बाद दोनों के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए.
परिजनों की एक जानकारी से खुली पूरी साजिश
जांच के दौरान पुलिस को सबसे अहम सुराग तब मिला, जब परिजनों ने बताया कि घर से निकलते समय अरुण ने कहा था कि वह प्रमोद के साथ पार्टी में जा रहा है. इसी आधार पर पुलिस ने सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के जरिए पूरे मामले का खुलासा कर दिया.
Also Read: प्रेम के लिए बदला धर्म, शाहजहां बनी प्रतीक्षा यादव,बरेली के अगस्त्य मुनि आश्रम में की शादी
