UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने आज कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी.
कम दबाव के क्षेत्र से यूपी में बढ़ी बारिश की रफ्तार
उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसून ट्रफ के कारण प्रदेश में बारिश का दौर तेज हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार 10 जुलाई को पूरे यूपी में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बादल जमकर बरसने के आसार हैं.
इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. इसके अलावा कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और शाहजहांपुर में भी तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.
अगले 4 दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी के कई जिलों में अगले चार दिनों तक मानसून का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा. मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं और शाहजहांपुर में लगातार बारिश होने की संभावना है. वहीं, पूर्वांचल के कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और सीतापुर में अगले 3 से 4 दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है.
लखनऊ से वाराणसी तक कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी लखनऊ में आज घने बादल छाए रहने और भारी बारिश की संभावना है. कानपुर में भी मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मेरठ, आगरा और मथुरा में भी मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है. वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. गाजियाबाद और नोएडा में बारिश के कारण जलभराव और ट्रैफिक की समस्या सामने आ सकती है.
गोरखपुर, बरेली और अलीगढ़ में भी अलर्ट
गोरखपुर में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है. प्रयागराज में तेज बारिश के साथ वज्रपात की संभावना बनी हुई है. झांसी और बुंदेलखंड क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.बरेली में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अलीगढ़ में बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
11 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार, 11 जुलाई को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. हालांकि पश्चिमी यूपी में बारिश की तीव्रता थोड़ी कम हो सकती है, लेकिन कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी.
