UP ITI Admission 2026 : उत्तर प्रदेश आईटीआई प्रवेश 2026 को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (SCVT), प्रशिक्षण एवं रोजगार निदेशालय, उत्तर प्रदेश ने आईटीआई प्रवेश की पहली आवंटन सूची जारी कर दी है. जिन अभ्यर्थियों को पहली सूची में सीट आवंटित हुई है, उन्हें 27 अगस्त से 4 सितंबर 2026 के बीच संबंधित आईटीआई में पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी. अभ्यर्थी अपनी आवंटित सीट की जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन करके देख सकते हैं. पहली सूची में सरकारी, निजी और सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत संचालित आईटीआई में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का सीट आवंटन शामिल है.
पहली सूची में नाम आया तो 4 सितंबर तक कराएं प्रवेश
पहली आवंटन सूची में चयनित अभ्यर्थियों के लिए 27 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक सीट स्वीकार करने की प्रक्रिया चलेगी. इस दौरान अभ्यर्थियों को अपने आवंटित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान यानी आईटीआई में खुद उपस्थित होना होगा. संस्थान में प्रवेश के समय अभ्यर्थियों को जरूरी दस्तावेज साथ ले जाने होंगे. दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
आईटीआई पहुंचते समय ये दस्तावेज रखें
अभ्यर्थियों को आवंटित संस्थान में जाते समय जरूरी कागजात साथ रखने की सलाह दी गई है. इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- आधिकारिक बुलावा पत्र
- मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र
- अंकतालिकाओं की प्रतियां
- पासपोर्ट साइज फोटो
अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे सभी मूल दस्तावेज और उनकी पर्याप्त प्रतियां पहले से तैयार रखें, ताकि प्रवेश के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
सीट पक्की करनी है तो चुनें Freeze
सीट आवंटित होने के बाद अभ्यर्थियों को Freeze या Float में से किसी एक विकल्प का चुनाव करना होगा. अगर अभ्यर्थी को आवंटित आईटीआई या ट्रेड पसंद है और वह इसी सीट पर प्रवेश लेना चाहता है, तो Freeze विकल्प चुनना होगा. इसका मतलब है कि अभ्यर्थी अपनी आवंटित सीट को स्वीकार कर उसे पक्का कर रहा है.
बेहतर सीट की उम्मीद है तो Float चुनें
अगर अभ्यर्थी मौजूदा सीट से संतुष्ट नहीं है और अगले चरण में अपनी पसंद के अनुसार बेहतर संस्थान या ट्रेड मिलने की उम्मीद रखता है, तो Float विकल्प चुन सकता है. Float का विकल्प चुनने पर आवंटित सीट बनी रहती है और अभ्यर्थी आगे के चरण में सीट अपग्रेड होने की संभावना के लिए अपनी पसंद बनाए रख सकता है.
Freeze और Float को ऐसे समझें
Freeze: मिली हुई सीट को स्वीकार करके प्रवेश के लिए पक्का करना.
Float: मिली हुई सीट को बनाए रखते हुए अगले चरण में बेहतर सीट या विकल्प मिलने की संभावना रखना.
विकल्प चुनने के बाद अभ्यर्थी को आवंटन पत्र का प्रिंट निकालना होगा और निर्धारित समय के भीतर संबंधित आईटीआई में पहुंचकर प्रवेश एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
ये तारीखें जरूर कर लें नोट
| विवरण | तारीख/जानकारी |
| पहली चरण की चयन सूची जारी | 26 अगस्त 2026 |
| सीट फ्रीज/फ्लोट की अवधि | 27 अगस्त से 4 सितंबर 2026 |
| पाठ्यक्रम की अवधि | 6 महीने, 1 वर्ष और 2 वर्ष |
| प्रवेश कराने वाली संस्था | राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, प्रशिक्षण एवं रोजगार निदेशालय, उत्तर प्रदेश |
| आधिकारिक वेबसाइट | scvtup.in, upvesd.gov.in |
6 महीने से 2 साल तक के कोर्स
यूपी आईटीआई प्रवेश 2026 के तहत अलग-अलग ट्रेड के अनुसार पाठ्यक्रमों की अवधि अलग-अलग है. कुछ व्यावसायिक पाठ्यक्रम 6 महीने, कुछ 1 वर्ष और कुछ 2 वर्ष की अवधि के हैं. अभ्यर्थी अपने आवंटित ट्रेड, संस्थान और प्रवेश से जुड़ी अन्य जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद देख सकते हैं.
समय सीमा का रखें खास ध्यान
पहली आवंटन सूची में सीट पाने वाले अभ्यर्थियों के लिए 4 सितंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है. इसलिए अभ्यर्थी आवंटन पत्र डाउनलोड करने, Freeze या Float विकल्प चुनने और संबंधित आईटीआई में दस्तावेज सत्यापन कराने में देरी न करें.
Also Story : पिता दूसरों के खेतों में करते हैं मजदूरी, बेटी ने 4 गोल्ड मेडल किए अपने नाम, 10 साल पहले छोड़ा था गांव
