UP में होमगार्ड भर्ती अभ्यर्थी की मौत से मचा हड़कंप, दौड़ नहीं गले में फंसी प्लास्टिक बोतल से गई जान, शरीर पर 12 चोट के निशान

यूपी में होमगार्ड भर्ती के दौरान हुई एक अभ्यर्थी की मौत का मामला नया मोड़ ले चुका है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की बात सामने आई है, जो गले में बोतल फंसने से हुई. परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है.

UP Crime: यूपी में होमगार्ड भर्ती की दौड़ के दौरान सीतापुर के अभ्यर्थी योगेंद्र सिंह की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, योगेंद्र की मौत दौड़ने की वजह से नहीं बल्कि गले में 250 एमएल की प्लास्टिक पानी की बोतल फंसने से दम घुटने के कारण हुई. रिपोर्ट में उनके शरीर पर 12 चोट के निशान भी मिले हैं. इसके बाद मृतक के भाई कमल किशोर ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है.

35वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड में हुई थी घटना

घटना लखनऊ के महानगर स्थित 35वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड की है. यहां मंगलवार को होमगार्ड भर्ती के लिए दौड़ आयोजित की गई थी. इसी दौरान सीतापुर के रामकोट क्षेत्र के मढ़िया रहीमपुर निवासी अभ्यर्थी योगेंद्र सिंह की मौत हो गई थी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आया अलग कारण

परिजनों के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें योगेंद्र की मौत सामान्य होने की जानकारी दी गई थी. लेकिन 18 सितंबर को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया. रिपोर्ट में शरीर पर 12 चोट के निशान का भी उल्लेख है.

भाई ने लगाया जबरन बोतल मुंह में डालने का आरोप

मृतक के भाई कमल किशोर ने आरोप लगाया है कि योगेंद्र के साथ मारपीट या जबरदस्ती की गई और उनके मुंह में 250 एमएल की प्लास्टिक बोतल ठूंस दी गई. उनका दावा है कि इसी वजह से दम घुटने से योगेंद्र की जान गई. हालांकि, इन आरोपों की जांच अभी जारी है. परिवार ने निष्पक्ष जांच के साथ पीएसी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और घटना के समय मौजूद अभ्यर्थियों व स्टाफ से पूछताछ की मांग की है.

पांच सदस्यीय टीम करेगी पूरे मामले की जांच

एसीपी महानगर अंकित कुमार के अनुसार, मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अलावा घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

अब सीसीटीवी और मौके पर मौजूद लोगों पर नजर

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों और हत्या की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है. पुलिस अब घटना के दौरान मौजूद अभ्यर्थियों और स्टाफ से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी.

यह भी पढ़ें: UP में 10 वरिष्ठ IAS अफसरों का तबादला, आशीष गोयल-अनिल कुमार समेत कई अधिकारियों के विभाग बदले, देखें पूरी लिस्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By तिलक कुमार

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >