UP Home Guard PET 2026: उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के 41,424 पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. 14 सितंबर से शुरू होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए अभ्यर्थी अब 10 सितंबर से अपने नए और संशोधित प्रवेश पत्र (Admit Card) डाउनलोड कर सकेंगे. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपना संशोधित एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें, क्योंकि पुराने प्रवेश पत्र के आधार पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
10 सितंबर से वेबसाइट पर मिलेगा नया प्रवेश पत्र
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अपर सचिव (भर्ती) सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि संशोधित प्रवेश पत्र 10 सितंबर से बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे. अभ्यर्थी वेबसाइट पर दिए गए लिंक के जरिए अपना संशोधित प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. इसके बाद प्रवेश पत्र में दर्ज परीक्षा केंद्र, तिथि और समय के अनुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा में उपस्थित होना सुनिश्चित करना होगा.
पुराने प्रवेश पत्र से परीक्षा में नहीं मिलेगा प्रवेश
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि संशोधित तिथियों के लिए पहले जारी किए गए प्रवेश पत्र मान्य नहीं होंगे. ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को नया प्रवेश पत्र डाउनलोड करना जरूरी है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के बाद उसमें दर्ज परीक्षा केंद्र, तिथि और समय समेत सभी जरूरी विवरण ध्यान से जांच लें.
परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर पर करें संपर्क
प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में किसी तरह की परेशानी होने पर अभ्यर्थी 08065075069 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार ही परीक्षा की तैयारी करें और निर्धारित तिथि व समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचें.
Must Read- फसल बीमा की लास्ट डेट बढ़ी! जानिए UP के किसानों के लिए सरकार का नया फैसला और क्या है फ्री तोहफा?
