यूपी की ग्राम पंचायतों के लिए बड़ा ऐलान, अच्छे काम पर 50 लाख रुपये, 30 सितंबर है आवेदन की आखिरी तारीख

UP Gram Panchayat Award: उत्तर प्रदेश की बेहतर काम करने वाली ग्राम पंचायतों के लिए मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार की घोषणा की गई है. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पंचायतों को 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी. आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर है.

UP Gram Panchayat Award: उत्तर प्रदेश की जो ग्राम पंचायतें विकास और जनसुविधाओं के मामले में अच्छा काम कर रही हैं, उनके लिए बड़ी खुशखबरी है. बेहतर काम करने वाली ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार के तहत 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी. इसके लिए पंचायतों से अलग-अलग श्रेणियों में आवेदन मांगे गए हैं. इच्छुक ग्राम पंचायतें 30 सितंबर तक आवेदन कर सकती हैं.

अलग-अलग काम के आधार पर होगा पंचायतों का चयन

मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार योजना के तहत ग्राम पंचायतों का चयन उनके काम और उपलब्धियों के आधार पर किया जाएगा. इसके लिए पंचायतों के विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और ग्रामीणों को दी जा रही सेवाओं का मूल्यांकन होगा. योजना में घर-घर कचरा संग्रह करने वाली पंचायत, तरल अपशिष्ट प्रबंधन, खुद की आय बढ़ाने वाली पंचायत, मेरा तालाब मेरी योजना और कॉमन सेंटर के जरिए सार्वजनिक सेवाएं देने वाली पंचायत समेत अलग-अलग श्रेणियां शामिल हैं.

हर श्रेणी से चुनी जाएगी एक पंचायत

हर श्रेणी में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक-एक ग्राम पंचायत का चयन किया जाएगा. चयनित पंचायत को पुरस्कार राशि देने के साथ उसके अच्छे कामों को दूसरी ग्राम पंचायतों के लिए उदाहरण के तौर पर भी पेश किया जाएगा.

इन कामों पर रहेगा खास फोकस

पंचायतों के मूल्यांकन में कई अहम बिंदुओं को शामिल किया जाएगा. इसमें ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्य, मूलभूत सुविधाओं की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और पंचायत स्तर पर उपलब्ध सेवाएं प्रमुख हैं. इसके साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन पर लागू करने और ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के काम को भी देखा जाएगा. पंचायत ने कोई नया प्रयोग किया है या उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल किया है, तो वह भी मूल्यांकन का हिस्सा हो सकता है.

आवेदन के बाद होगा काम का सत्यापन

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायतों के कामकाज की जांच की जाएगी. इसके आधार पर प्रत्येक श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पंचायत का चयन होगा. आवेदन की जांच और सत्यापन का काम मंडल स्तर की टीम करेगी. इसके बाद पुरस्कार के लिए अंतिम चयन राज्य स्तर पर किया जाएगा.

एक पंचायत सिर्फ एक श्रेणी में कर सकेगी आवेदन

इस योजना में एक ग्राम पंचायत को केवल एक श्रेणी में आवेदन करने की अनुमति होगी. आवेदन के दौरान पंचायत को 20 अंकों की प्रश्नावली भरनी होगी. इसमें कम से कम 60 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली पंचायतों को आगे 80 अंकों की विशेष प्रश्नावली भरने का मौका मिलेगा. इसी प्रक्रिया के आधार पर पंचायतों के काम का आगे मूल्यांकन किया जाएगा.

30 सितंबर तक करना होगा आवेदन

मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इच्छुक ग्राम पंचायतें 30 सितंबर तक आवेदन कर सकती हैं. चयनित पंचायतों को मिलने वाली पुरस्कार राशि से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलेगी.

Also Read:UP IPS Transfer 2026: यूपी में 35 IPS अफसरों का तबादला, कानपुर-आगरा समेत कई शहरों में बदली जिम्मेदारी, यहां देखें पूरी लिस्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By लक्की कुमारी

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >